दिल्ली की राजनीति छोड़ तेलंगाना की चिंता करें मुख्यमंत्री, किसान सूखे से परेशान मनमीत सिंह

हैदराबाद, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलंगाना में पानी की कमी और किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा नेता मनमीत सिंह ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की सरकार पर निशाना साधा है। कहा राज्य में पर्याप्त बारिश नहीं होने के बावजूद राज्य सरकार जल संकट की समस्या पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है।
भाजपा नेता मनमीत सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "रेवंत रेड्डी, आप 0.6 मीट्रिक टन पानी स्थानांतरित कर रहे हैं। सरकार को पिछले आठ महीने से पता है कि तेलंगाना में पर्याप्त बारिश नहीं हुई है और यहां पानी की कमी है। किसान सूखे का सामना कर रहे हैं और उनकी फसलें पूरी तरह सूख चुकी हैं। नलगोंडा समेत राज्य के कई अन्य जिलों में भी पानी की भारी किल्लत है। इसके बावजूद सरकार इस गंभीर स्थिति पर ध्यान नहीं दे रही है।"
उन्होंने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें दिल्ली जाने के बजाय तेलंगाना की समस्याओं पर अधिक ध्यान देना चाहिए। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और कांग्रेस के नेता दिल्ली में रैलियों और विरोध प्रदर्शनों में व्यस्त रहते हैं। यदि वे इसी तरह राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त रहेंगे, तो राज्य की जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कामकाज से तेलंगाना की जनता परेशान हो चुकी है। उन्होंने वर्ष 2023 में सरकार बनने के बाद से राज्य में भ्रष्टाचार और घोटालों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसके साथ ही सरकार में 30 से 40 प्रतिशत तक कमीशनखोरी की बातें सुनने को मिलती हैं।
मनमीत सिंह ने तेलंगाना के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) मिलकर राज्य में घोटालों को बढ़ावा दे रही हैं, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने तेलंगाना की जनता से अपील की कि वह जागरूक बने और राजनीतिक दलों के कामकाज का आकलन करे। उन्होंने कहा कि जनता को यह देखना चाहिए कि कौन-सी पार्टी वास्तव में उसके हितों के लिए काम कर रही है और कौन केवल राजनीतिक लाभ लेने में जुटी है।
बता दें कि तेलंगाना सरकार ने राज्य में कम बारिश और अल नीनो के प्रभाव से पैदा हुए सूखे के खतरे पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने का फैसला किया है। यह बैठक 28 अक्टूबर को होगी और बैठक की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क करेंगे। बैठक दोपहर 2:30 बजे हैदराबाद में तेलंगाना राज्य सचिवालय की छठी मंजिल पर होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
