दिल्ली में विपक्ष की रैली पर केशव प्रसाद मौर्य का हमला, बोले-आगामी चुनावों में जनता देगी जवाब

दिल्ली में विपक्ष की रैली पर केशव प्रसाद मौर्य का हमला, बोले-आगामी चुनावों में जनता देगी जवाब
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी इंडिया गठबंधन की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन ने राहुल गांधी को लॉन्च करने के लिए कई बार प्रयोग किया है और हर बार वह विफल रहा है।

लखनऊ, 1 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी इंडिया गठबंधन की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन ने राहुल गांधी को लॉन्च करने के लिए कई बार प्रयोग किया है और हर बार वह विफल रहा है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष का आज का कार्यक्रम और कल का मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम दोनों ही लोकतंत्र का भद्दा मजाक हैं। यह संविधान का भी मजाक है। देश की जनता ने अपना जनादेश देकर 2014, 2019 और 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाई है। सत्ता से दूर होने की व्यथा में व्यथित राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के लोगों को यह जनादेश बर्दाश्त नहीं हो रहा है। आप देश की राजधानी में व्यापार को चौपट करने की कोशिश कर रहे हैं। आप अहंकार में डूबे हुए हैं।

केशव मौर्य ने कहा कि जो भी दल इस कार्यक्रम का समर्थन कर रहे हैं, उन सभी को इसका जवाब और हिसाब देना पड़ेगा। 2027 की शुरुआत से जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, वहां जनता इन्हें इसकी कीमत चुकाएगी। जिस प्रकार हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम में जनता ने भाजपा को समर्थन और आशीर्वाद देकर सरकार बनवाई है, उसी प्रकार आने वाले राज्यों के चुनावों में भी भाजपा की सरकार बनेगी। इस बार कांग्रेस की अगुवाई वाले हर गठबंधन का अहंकार जनता चूर-चूर कर देगी।

उन्होंने कहा कि शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि थी और विपक्ष ने उसी दिन को अपने कार्यक्रम के लिए चुना। जिस इंदिरा गांधी के नेतृत्व में चुनाव हारने के बाद देश में आपातकाल लगाया गया, जिसे संविधान की हत्या कहा जाता है, उसी दिन को इन लोगों ने चुना। देश बहुत सजग, सावधान और सतर्क है। देश के दुश्मनों के साथ मिलकर जो कार्य किया जा रहा है, उसे देश और उत्तर प्रदेश बर्दाश्त नहीं करेगा। इसका जवाब जनता आने वाले चुनावों में देगी।

समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान के उस बयान पर कि वह मुस्लिम होने और यूनिवर्सिटी बनाने का खामियाजा भुगत रहे हैं, केशव प्रसाद मौर्य ने कड़ा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें मुसलमान होने की सजा नहीं मिल रही है और न ही यूनिवर्सिटी बनाने की सजा मिल रही है। जो अपराध और भ्रष्टाचार उन्होंने किए हैं, उसकी सजा मिल रही है।

उन्होंने मांग की कि चूंकि आजम खान, अखिलेश यादव की सरकार में कैबिनेट मंत्री थे और उनकी सरकार के कार्यकाल में अगर इस तरह की गड़बड़ियां हुई हैं, तो जांच के दायरे में अखिलेश यादव को भी शामिल किया जाना चाहिए।

रोहतक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च पर केशव मौर्य ने कहा कि यह अभियान पार्टी द्वारा पूरे देश में चलाया जा रहा है। विपक्ष पूरी तरह से लोकतंत्र की हत्या और संविधान की अनदेखी करने पर उतारू हो गया है। देश में अराजकता फैलाने का जैसे उन्होंने ठेका ले लिया है। विपक्ष ने भारत को बांग्लादेश, नेपाल या श्रीलंका समझ लिया है। यह भारत है, यहां लोकतंत्र की जड़ें बहुत गहरी हैं। इसलिए जनता ने विपक्ष को पूरी तरह से तिरस्कृत और नकार दिया है।

उन्होंने दोहराया कि 2027 में भाजपा अपनी विजय यात्रा को आगे बढ़ाने के साथ ही 2029 में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चौथी बार भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी। जो लोग तख्तापलट का सपना देख रहे हैं, उनके मुंगेरीलाल के सपने चूर-चूर हो जाएंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story