दोहरे शतक से चूके लाहिरू उदारा, श्रीलंका के नाम रहा एंटीगुआ टेस्ट का पहला दिन
एंटीगुआ, 4 जुलाई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच सर विवियन रिचर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह से श्रीलंका के बल्लेबाजों के नाम रहा। लाहिरू उदारा ने शतकीय पारी खेली, जबकि कामिंदु मेंडिस ने भी 84 रनों का योगदान दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। निशान मदुष्का महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौटे, तो दिनेश चांदीमल भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। चांदीमल को एक रन के स्कोर पर शेमार जोसेफ ने आउट किया। हालांकि, इसके बाद कामिंदु मेंडिस और लाहिरू ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 252 गेंदों में 215 रनों की शानदार साझेदारी निभाई। मेंडिस ने 120 गेंदों का सामना करते हुए 84 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 11 चौके लगाए।
वहीं, लाहिरू उदारा अपने दोहरे शतक से चूक गए और 248 गेंदों में 188 रन बनाकर आउट हुए। उदारा ने अपनी इस पारी में 21 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए। धनंजय डी सिल्वा अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 90 गेंदों में 2 चौके की मदद से 33 रन बनाकर आउट हुए। दिन का खेल खत्म होने तक कुशल मेंडिस बिना खाता खोले और सोनल दिनुशा 5 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। गेंदबाजी में वेस्टइंडीज की ओर से शेमार जोसेफ दो, जबकि जस्टिन ग्रीव्स और जायडेन सील्स एक-एक विकेट निकाल चुके हैं।
पहले टेस्ट में हार और खिलाड़ियों की इंजरी के चलते श्रीलंका ने इस टेस्ट मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। प्रभात जयसूर्या, लाहिरू उदारा और इसिथा विजेसुंडेरा को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। इसिथा टेस्ट क्रिकेट में अपना डेब्यू कर रहे हैं। पथुम निसांका और लाहिरू कुमारा चोट के चलते इस मुकाबले में टीम का हिस्सा नहीं हैं। वहीं, कसुन रजिथा को पहले टेस्ट में खराब प्रदर्शन के कारण टीम में जगह नहीं दी गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 July 2026 8:43 AM IST












