डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप पहले दिन हरमन-जमाल ने हासिल की संयुक्त बढ़त
नूह (हरियाणा), 21 अप्रैल (आईएएनएस)। हरियाणा के नूंह में क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेली जा रही डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप 2026 के पहले दिन युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। 18 साल के हरमन सचदेवा और 41 साल के जमाल हुसैन ने पहले राउंड के बाद पांच-अंडर 67 का स्कोर बनाकर संयुक्त बढ़त हासिल की।
पीजीटीआई में अपना पहला पूरा सीजन खेल रहे गुड़गांव के हरमन सचदेवा ने बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने एक ईगल, छह बर्डी और तीन बोगी के साथ अपना राउंड पूरा किया। खास बात यह रही कि पार-5 के 14वें होल पर उन्होंने शानदार ईगल लगाया, जो उनके राउंड का सबसे यादगार पल रहा।
सचदेवा ने बताया कि उस समय हवा तेज थी और उनका शॉट पेड़ों से टकराकर वापस फेयरवे में आ गया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने लगभग 210 यार्ड की दूरी से शानदार शॉट खेलकर बॉल को होल के करीब पहुंचाया और पुट डाल दिया। उन्होंने धैर्य बनाए रखते हुए बेहतरीन खेल दिखाया और अंत में लगातार तीन बर्डी लगाकर मजबूत फिनिश किया। दमदार प्रदर्शन के बूते सचदेवा लीडरबोर्ड में टॉप पर आ गए हैं।
वहीं, टूर पर छह बार जीत चुके अनुभवी खिलाड़ी जमाल हुसैन ने बिना कोई गलती किए पांच बर्डी के साथ 67 का स्कोर बनाया। उन्होंने पूरे राउंड में संतुलित खेल दिखाया। हुसैन ने कहा कि हवा के कारण खेल मुश्किल था, खासकर बैक नाइन में, लेकिन उन्होंने अपने शॉट्स और पुटिंग पर अच्छा कंट्रोल बनाए रखा। जमाल ने कहा कि जिस तरह से मैंने हालातों को संभाला, उससे मैं काफी खुश हूं।
तीसरे स्थान पर चार खिलाड़ियों का एक समूह रहा, जिसमें जापान के ताइगा तनाका, बेंगलुरु के एस चिक्कारंगप्पा, करनाल के रोहित नरवाल और फरीदाबाद के अभिनव लोहान शामिल हैं। इन सभी ने चार-अंडर 68 का स्कोर किया और वे लीड से सिर्फ एक शॉट पीछे हैं। इसके अलावा, ऑर्डर ऑफ मेरिट में आगे चल रहे सप्तक तलवार ने तीन-अंडर 69 का स्कोर किया और वे सातवें स्थान पर अन्य खिलाड़ियों के साथ मौजूद हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 April 2026 8:57 PM IST












