डीपीएल 2026 वॉरियर्स को 7 विकेट से रौंदकर 'क्वालीफायर-2' में पहुंची पुरानी दिल्ली

डीपीएल 2026 वॉरियर्स को 7 विकेट से रौंदकर क्वालीफायर-2 में पहुंची पुरानी दिल्ली
पुरानी दिल्ली 6 ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के एलिमिनेटर मैच में आउटर दिल्ली वॉरियर्स के खिलाफ 7 विकेट से जीत हासिल करते हुए 'क्वालीफायर-2' में जगह बना ली है, जहां 28 अगस्त को उसका सामना सेंट्रल दिल्ली किंग्स से होगा। वहीं, इस हार के साथ वॉरियर्स का खिताबी सपना चकनाचूर हो गया।

नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। पुरानी दिल्ली 6 ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के एलिमिनेटर मैच में आउटर दिल्ली वॉरियर्स के खिलाफ 7 विकेट से जीत हासिल करते हुए 'क्वालीफायर-2' में जगह बना ली है, जहां 28 अगस्त को उसका सामना सेंट्रल दिल्ली किंग्स से होगा। वहीं, इस हार के साथ वॉरियर्स का खिताबी सपना चकनाचूर हो गया।

अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी आउटर दिल्ली वॉरियर्स 19.4 ओवरों में 179 रन पर सिमट गई। टीम ने 28 के स्कोर पर यजस शर्मा (12) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद प्रियांश आर्य ने अक्षय सैनी के साथ दूसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 73 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचा दिया।

अक्षय 26 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों के साथ 42 रन बनाकर आउट हुए, जबकि प्रियांश ने 32 गेंदों में 3 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 57 रन बनाए।

मोनू शुक्ला (12) ने शिवम शर्मा (19) के साथ सातवें विकेट के लिए 13 गेंदों में 28 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। विपक्षी खेमे से रजनीश दादर ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि दिग्वेश राठी, उद्धव मोहन और देव लाकड़ा ने 2-2 विकेट निकाले।

इसके जवाब में पुरानी दिल्ली ने 14.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम को 18 के स्कोर पर समर्थ सेठ (5) के रूप में पहला झटका लगा, जिसके बाद आर्यन गौड़ ने देव लाकड़ा के साथ दूसरे विकेट के लिए 33 गेंदों में 67 रन जुटाए।

आर्यन 23 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 36 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान अनुज रावत ने देव लाकड़ा के साथ तीसरे विकेट के लिए 27 गेंदों में 51 रन जुटाकर टीम को जीत की पटरी पर ला दिया। देव 32 गेंदों में 8 छक्कों और 6 चौकों के साथ 82 रन बनाकर आउट हुए। यहां से अनुज ने ललित यादव के साथ 19 गेंदों में 47 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई।

अनुज 25 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों के साथ 52 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खेमे से अमन चौधरी और प्रथम सलूजा को 1-1 विकेट हाथ लगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Aug 2026 11:30 PM IST

Tags

Next Story