डीआर कांगो के कोच देसाब्रे को लगा एक और बड़ा झटका, प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिली पिता के निधन की खबर

डीआर कांगो के कोच देसाब्रे को लगा एक और बड़ा झटका, प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिली पिता के निधन की खबर
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ राउंड ऑफ 32 में मिली हार के कुछ ही घंटों बाद कांगो डीआर के हेड कोच सेबेस्टियन देसाब्रे को निजी तौर पर एक और बड़ा झटका लगा है। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्हें अपने पिता के निधन की खबर मिली, जिसके बाद माहौल बेहद भावुक हो गया और प्रेस कॉफ्रेंस तुरंत समाप्त कर दी गई।

अटलांटा, 2 जुलाई (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ राउंड ऑफ 32 में मिली हार के कुछ ही घंटों बाद कांगो डीआर के हेड कोच सेबेस्टियन देसाब्रे को निजी तौर पर एक और बड़ा झटका लगा है। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्हें अपने पिता के निधन की खबर मिली, जिसके बाद माहौल बेहद भावुक हो गया और प्रेस कॉफ्रेंस तुरंत समाप्त कर दी गई।

नॉकआउट मुकाबले में डीआर कांगो ने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी और शुरुआत में बेहतरीन खेल दिखाया। मैच के सातवें मिनट में ब्रायन सिपेंगा ने अपना पहला इंटरनेशनल गोल करते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने पहले बराबरी का गोल किया और फिर दूसरा और निर्णायक गोल कर अपनी टीम को 2-1 से जीत दिला दी। इस हार के साथ कांगो का ऐतिहासिक सफर राउंड ऑफ 32 में समाप्त हो गया।

मैच के बाद जब कोच देसाब्रे पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, तभी एक अधिकारी ने फ्रेंच भाषा में उनके पिता के निधन की सूचना दी। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस का माहौल पूरी तरह बदल गया। अधिकारी ने संवेदना व्यक्त करते हुए घोषणा की कि बातचीत समाप्त की जा रही है। शुरुआत में कोच को खबर पर यकीन नहीं हुआ। कुछ क्षणों के बाद उन्होंने धीरे से धन्यवाद कहा और तुरंत उठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस रूम से बाहर चले गए।

कांगो डीआर ने इस टूर्नामेंट में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। टीम ने अपने पहले फीफा वर्ल्ड कप में नॉकआउट चरण तक पहुंचकर इतिहास रचा। इससे पहले उन्होंने ग्रुप चरण में शानदार खेल दिखाते हुए उज्बेकिस्तान को हराते हुए नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह बनाई थी। 1974 के बाद डीआर कांगो ने यह पहली बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया था। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में डीआर कांगो ने अपने खेल से हर किसी को खासा प्रभावित किया।

हार के बाद कोच देसाब्रे ने कहा कि टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन अनुभव की कमी साफ तौर पर दिखी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरी मेहनत की लेकिन आखिरी क्षणों में कुछ मौके गंवाना भारी पड़ा। उन्होंने कहा, "हम निराश हैं क्योंकि हमें भरोसा था कि हम आगे जा सकते हैं। हमने अच्छा खेला लेकिन दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक ने मौके का फायदा उठाया। हमें अपने खिलाड़ियों पर गर्व है।" देसाब्रे ने आगे कहा कि डीआर कांगो में फुटबॉल लगातार सुधार की ओर है और यह टीम के लिए सीखने का अनुभव है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी इस स्तर के मैच खेलकर और बेहतर बनेंगे और भविष्य में मजबूत वापसी करेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 July 2026 11:49 AM IST

Tags

Next Story