जयशंकर ने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का किया समर्थन, बोले- युवा शक्ति को सशक्त बनाना जरूरी
नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का समर्थन करते हुए इसे विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 100 सप्ताह के 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के आह्वान का दृढ़ता से समर्थन करते हैं।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह अभियान देश के युवाओं को सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत के युवा ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी प्रेरक शक्ति हैं और नशामुक्त, स्वस्थ तथा आत्मविश्वासी युवा पीढ़ी ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है।
इससे पहले 2 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का औपचारिक शुभारंभ किया। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में देशभर के 28,000 से अधिक स्थानों से एक करोड़ से अधिक युवा जुड़े। प्रधानमंत्री ने इसे केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की सामूहिक प्रतिबद्धता बताते हुए कहा कि देशवासी एक महान और महत्वपूर्ण संकल्प के लिए एकजुट हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के व्यापक हितों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ऐसी युवा पीढ़ी आवश्यक है, जो शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त, आत्मविश्वास से भरपूर और नशीले पदार्थों जैसी विनाशकारी आदतों से पूरी तरह मुक्त हो।
उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत पिछले वर्ष काशी से एक पायलट परियोजना के रूप में हुई थी, जिसे अब राष्ट्रीय स्तर पर विस्तारित किया गया है। काशी घोषणा के तहत 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों और अनेक गैर-सरकारी संगठनों के सहयोग से यह जनआंदोलन पूरे देश में पहुंच चुका है।
प्रधानमंत्री ने नशा विरोधी शपथ लेने वाले लाखों युवाओं की सराहना करते हुए उन्हें अपने विद्यालयों, महाविद्यालयों और समुदायों में नशामुक्त जीवन का संदेश फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को कला, संस्कृति, खेल, योग और ध्यान जैसी गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
प्रधानमंत्री ने युवाओं को भारत की 'अमृत पीढ़ी' बताते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा, नवाचार और प्रतिभा ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करेगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र के विकास के लिए नशे से पूरी तरह दूर रहने का संकल्प लें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Aug 2026 11:45 PM IST












