ड्रोन कार्रवाई को लेकर रूस पर भड़के रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन, बताई- 'गैर-जिम्मेदाराना हरकत'
नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन ने गुरुवार को 'नेपच्यून डीप' प्लेटफॉर्म के पास ड्रोन कार्रवाई पर रूस की कड़ी आलोचना की। साथ ही स्पष्ट किया कि हम हर चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं। हम नाटो सहयोगियों के साथ मिलकर सतर्क हैं।
निकुसोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट में रोमानियाई सशस्त्र बलों और दो रोमानियाई एफ-16 लड़ाकू विमानों के पायलटों को काला सागर में 'नेपच्यून डीप' प्लेटफॉर्म के पास मौजूद समुद्री ड्रोन को नष्ट करने के सफल मिशन के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा, ''मैं कोस्ट गार्ड को भी बधाई देता हूं, जिन्होंने इलाके में ड्रोन की मौजूदगी की सूचना तुरंत दी। इस कार्रवाई में सबसे पहली प्राथमिकता प्लेटफॉर्म पर काम कर रहे लोगों की जान की सुरक्षा करना और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को किसी भी संभावित खतरे से बचाना था।''
उन्होंने कहा, ''मैं रूसी संघ की ओर से इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना घटनाओं में बढ़ोतरी की कड़ी निंदा करता हूं। हम अपने नाटो सहयोगियों के साथ मिलकर सतर्क बने हुए हैं, ताकि अपनी सुरक्षा कर सकें और इस तरह की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।''
वहीं, यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इस कार्रवाई को 'हाइब्रिड युद्ध' का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि उभरते खतरों से निपटने के लिए यूरोप को रक्षा क्षमताएं मजबूत करने की जरूरत है।
प्रेसिडेंट उर्सुला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''गुरुवार को रोमानिया ने काला सागर में अपने 'नेपच्यून डीप' प्लेटफॉर्म के पास विस्फोटकों से लदे एक नौसैनिक ड्रोन को नष्ट कर दिया। धमकियों का अभियान चल रहा है, जो हमारे नागरिकों के बीच चिंता पैदा कर रहा है और हमारे संघ (यूरोपीय यूनियन) को बांटने की कोशिश कर रहा है। यह एक तरह का हाइब्रिड युद्ध है।''
उन्होंने कहा कि हमारे संघ का मूल उद्देश्य शांति बनाए रखना है। आज शांति बनाने का मतलब यह भी है कि हमारे पास उकसावे और आक्रामक कार्रवाइयों को रोकने की क्षमता हो। हमारा 'रेडीनेस 2030 एजेंडा' इसके लिए 800 अरब यूरो तक की राशि जुटा रहा है। यूरोपियन ड्रोन डिफेंस इनिशिएटिव और ईस्टर्न फ्लैंक वॉच के जरिए हम यूरोप में उत्पादन बढ़ा रहे हैं, ताकि सदस्य देशों को उनकी जरूरत की रक्षा क्षमताएं उपलब्ध कराई जा सकें, ताकि हम उभरते खतरों का तेजी, एकजुटता और दृढ़ संकल्प के साथ मुकाबला कर सकें।
इससे पहले उन्होंने यूक्रेन में रूस के घातक हमलों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि हम सदस्य देशों और अपने साझेदारों के साथ मिलकर यूक्रेन की बैलिस्टिक मिसाइलों से रक्षा करने की क्षमता को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं, ताकि यूक्रेन के पास लोगों की जान बचाने के लिए जरूरी साधन मौजूद हों। फिलहाल, यही हमारी सबसे बड़ी और सबसे जरूरी प्राथमिकता है। रूस अपने ही शुरू किए युद्ध में अब खुद की हार देख रहा है। यही कारण है कि वो आमजन और बुनियादे ढांचे पर हमले कर रहा है। हम यूक्रेन की बैलिस्टिक मिसाइलों से रक्षा करने की क्षमता को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Aug 2026 7:42 PM IST












