डीवाई पाटिल टी20 कप उमरान मलिक ने 1 ओवर में लुटा दिए 36 रन, केकेआर की मुश्किल बढ़ी
मुंबई, 26 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे दाएं हाथ के तेज गेंदबाज उमरान मलिक के प्रदर्शन में लगातार गिरावट देखी गई है। डीवाई पाटिल टी20 कप में उमरान ने ऐसा स्पेल किया है जिसे शायद ही वह कभी याद रखना चाहेंगे।
25 फरवरी को मुंबई कस्टम्स के खिलाफ टाटा स्पोर्ट्स क्लब के लिए खेलते हुए उमरान ने दो ओवर में 59 रन लुटा दिए। उमरान ने अपने पहले ओवर में 23 रन दिए थे। इसके बाद अपने दूसरे ओवर में 36 रन लुटा दिए। पारी के 13वें ओवर में उमरान अपना दूसरा ओवर लेकर आए थे। पहली गेंद पर सिंगल लेने के बाद रुग्वेद ने दूसरी गेंद पर चौका और तीसरी गेंद पर छक्का मारा, जिसे नो-बॉल करार दिया गया। इसके बाद मिली फ्री हिट पर कोई रन नहीं बना, लेकिन मोरे ने अगली दो गेंदों पर एक छक्का और एक चौका समेत 10 रन और जोड़े। इसके बाद एक वाइड और एक और नो-बॉल फेंक दी, जिसमें सचिन ने फ्री हिट पर चौका मारा, जो फिर से वैध नहीं थी। इसके बाद उमरान आखिरी फ्री हिट पर एक और छक्का खा गए। कुल इस ओवर में 36 रन बने। उनका स्पेल 2 ओवर में 59 रन रहा।
मुंबई कस्टम्स ने 16 ओवर में लक्ष्य का पीछा पूरा किया। मोरे ने 45 गेंदों में शतक बनाया और 46 गेंदों में 101 रन बनाए।
उमरान मलिक आईपीएल 2026 में केकेआर का हिस्सा हैं। उनकी गेंदबाजी देखने के बाद निश्चित तौर पर टीम की चिंता बढ़ गई होगी। मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद टीम की तेज गेंदबाजी पहले से ही दबाव में है। हर्षित राणा भी घुटने की चोट से उबर रहे हैं।
उमरान मलिक ने आईपीएल 2022 में एसआरएच के लिए खेलते हुए 14 मैचों में 22 विकेट लेते हुए चर्चा बटोरी थी। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टीम में मौका भी मिला था, लेकिन उसके बाद से आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में उमरान के प्रदर्शन में लगातार गिरावट आई। खराब प्रदर्शन की वजह से ही वह भारतीय टीम से भी बाहर हैं।
2023 में आखिरी बार भारतीय टीम के लिए खेलने वाले उमरान ने 10 वनडे और 8 टी20 मैच खेले हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Feb 2026 3:52 PM IST












