छत्तीसगढ़ में पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना कई परिवारों के लिए बना सहारा, बदली जिंदगी
मोहला-मानपुर, 26 फरवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) गरीब परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं साबित हो रही है।
केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित इस योजना के तहत पात्र राशन कार्ड धारकों को हर महीने नि:शुल्क चावल, चना, शक्कर और नमक मिल रहा है। इससे जरूरतमंद परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिल रहा है और लाभार्थी सरकार के प्रति आभार व्यक्त कर रहे हैं।
लाभार्थी कमला बाई ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि सरकार की ओर से मिलने वाला नि:शुल्क राशन उनके परिवार के लिए बहुत मददगार है। उन्होंने कहा, "हमें हर महीने चावल, शक्कर और चना मिलता है, जिससे पूरे महीने का गुजारा आसानी से हो जाता है।"
इसी तरह नवागांव निवासी लाभार्थी कामेरथ ने भी योजना की सराहना करते हुए कहा कि सरकार द्वारा दिया जा रहा राशन उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा है। उन्होंने बताया, "हमें नि:शुल्क चना, चावल और शक्कर मिलता है, जिससे हम अपने परिवार का पालन-पोषण कर पाते हैं।"
तोलुम पंचायत के रहने वाले समारू राम कोमरे ने भी योजना को बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से उनके परिवार के लिए पूरे महीने के राशन की व्यवस्था हो जाती है। सरकार को धन्यवाद देते हुए समारू राम ने कहा कि यह योजना ग्रामीण और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में स्थिरता ला रही है।
एक अन्य लाभार्थी ने बताया कि उनके परिवार में दो सदस्य हैं और हर महीने सरकार की योजना के तहत राशन प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि चावल, शक्कर, चना और नमक मिलने से पूरे महीने का खर्च संभल जाता है और उन्हें खाद्यान्न की चिंता नहीं रहती।
जिला खाद्य अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि जिले में कुल 77,757 राशन कार्डधारी परिवार हैं, जिनमें 2,96,785 सदस्य शामिल हैं। ये सभी परिवार मुख्यमंत्री खाद्याण योजना और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ उठा रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Feb 2026 5:50 PM IST












