इको-फ्रेंडली होगी पीएम मोदी की जींद रैली, इलेक्ट्रिक वाहनों से पहुंचेंगे कार्यकर्ता हरियाणा भाजपा अध्यक्ष
जींद, 12 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जींद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे और हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के जींद जिले से देश को एक बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। इस दौरान दुनिया की सबसे शक्तिशाली और आधुनिक हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जो देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री का जींद दौरा पूरे हरियाणा के लिए गर्व और खुशी का अवसर है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे, जबकि कुछ नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इससे हरियाणा के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा संगठन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सभी जिलों में बड़ी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक लोग प्रधानमंत्री के संबोधन और कार्यक्रम से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि जिला अध्यक्षों और विधायकों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को कार्यक्रम से जोड़ें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि यह रैली पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल तरीके से आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आयोजन में डीजल और पेट्रोल से चलने वाले वाहनों का इस्तेमाल कम से कम किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं और आम लोगों को इलेक्ट्रिक वाहनों, ई-रिक्शा, ई-स्कूटी और सीएनजी बसों के माध्यम से पहुंचने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की कोशिश है कि यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे।
उन्होंने बताया कि स्थानीय कार्यकर्ताओं के अलावा युवा साथी पैदल भी कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक कारों का भी इस्तेमाल किया जाएगा ताकि प्रदूषण को कम किया जा सके और प्रधानमंत्री के पर्यावरण संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाया जा सके।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन देश की तकनीकी प्रगति और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार नई तकनीकों को अपना रहा है और रेलवे के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जींद जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि इतनी बड़ी परियोजना से जुड़ा कार्यक्रम यहां आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) से जुड़े डॉक्टरों के कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा के डॉक्टर समुदाय में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है, जिसे डॉक्टर समाज अपने परिवार के सदस्य को मिली जिम्मेदारी के रूप में देख रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में डॉक्टर कार्यक्रम में पहुंचे और उन्होंने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर उनका सम्मान किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर समाज के बीच जाकर मिलना और उनसे संवाद करना उनके लिए भी एक विशेष अनुभव रहा।
नीट परीक्षा पेपर लीक को लेकर विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि विपक्ष के पास केवल आरोप लगाने के अलावा कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नीट मामले को गंभीरता से लिया है और जहां भी गड़बड़ी सामने आई, वहां सख्त कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में सरकार ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति भ्रष्टाचार या पेपर लीक जैसी गतिविधियों में शामिल पाया जाएगा, उसे कानून के अनुसार सजा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी गलत व्यक्ति का बचाव नहीं करती। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकारों में यदि कोई अधिकारी या व्यक्ति गलती करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होती है और उसे अपने किए की सजा भुगतनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में नीट परीक्षा का आयोजन पूरे देश में बेहतर तरीके से कराया गया और सरकार ने परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 July 2026 1:24 PM IST












