एक ही पारी में 19 छक्के, टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में कर ली रिकॉर्ड की बराबरी

मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-2 में जीत के लिए 254 रन का लक्ष्य रखा है। भारत की इस पारी में कुल 19 छक्के लगे। इसी के साथ टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप मैच की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में वेस्टइंडीज और नीदरलैंड की बराबरी कर ली है।
नीदरलैंड ने साल 2014 में आयरलैंड के खिलाफ एक ही पारी में 19 छक्के लगाने का कारनामा किया था। इसके बाद साल 2026 में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के विरुद्ध मुंबई में खेले गए मुकाबले में 19 छक्के लगाए थे। भारतीय टीम इसी विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ एक ही पारी में 17 छक्के लगा चुकी है, जबकि साल 2010 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के विरुद्ध टी20 पारी में 16 छक्के जड़े थे।
इस पारी में संजू सैमसन ने 42 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 89 रन की पारी खेली। इसी के साथ संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। सैमसन ने इस विश्व कप में अब तक 16 छक्के लगाए हैं।
इस मामले में रोहित शर्मा (2024) और शिवम दुबे (2026) संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर हैं। वहीं, ईशान किशन और हार्दिक पंड्या इसी साल 14-14 छक्के अपने नाम कर चुके हैं। युवराज सिंह ने साल 2007 में कुल 12 छक्के लगाए थे। उस विश्व कप में युवी ने एक ही ओवर की छह गेंदों पर छक्के लगाने का कारनामा भी किया था।
गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में जारी इस सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। टीम इंडिया को 20 के स्कोर पर पहला झटका लग गया था। इसके बाद संजू सैमसन ने दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 97 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचाया। ईशान 18 गेंदों में 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद संजू ने शिवम दुबे के साथ तीसरे विकेट के लिए 43 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
संजू 42 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 89 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद शिवम दुबे ने 43 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। ईशान किशन ने 39 रन बनाए, जबकि हार्दिक पंड्या ने 27 रन और तिलक वर्मा ने 21 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से विल जैक्स और आदिल रशीद ने 2-2 विकेट निकाले। जोफ्रा आर्चर ने एक विकेट हासिल किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 March 2026 9:47 PM IST












