इंग्लैंड दौरे के बाद बीसीसीआई करेगा भारतीय टी20 टीम के प्रदर्शन को रिव्यू देवजीत सैकिया

इंग्लैंड दौरे के बाद बीसीसीआई करेगा भारतीय टी20 टीम के प्रदर्शन को रिव्यू देवजीत सैकिया
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि इंग्लैंड दौरे के खत्म होने के बाद बीसीसीआई भारतीय मेंस टी20 टीम के प्रदर्शन को रिव्यू करेगा। गुरुवार को चौथे टी20 में मिली हार के साथ ही भारत ने पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय टी20 सीरीज गंवाई।

नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि इंग्लैंड दौरे के खत्म होने के बाद बीसीसीआई भारतीय मेंस टी20 टीम के प्रदर्शन को रिव्यू करेगा। गुरुवार को चौथे टी20 में मिली हार के साथ ही भारत ने पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय टी20 सीरीज गंवाई।

इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 में मिली हार के साथ ही भारतीय टीम को लगातार दूसरी टी20 सीरीज गंवानी पड़ी है। इससे पहले, आयरलैंड के खिलाफ भी भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था और टीम दो मैचों की सीरीज में एक भी मुकाबला नहीं जीत सकी थी। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए भारतीय टी20 टीम के प्रदर्शन में आई गिरावट को माना, लेकिन रिव्यू मीटिंग में समाधान निकालने का भी भरोसा जताया।

उन्होंने कहा, "बात बहुत सीधी है। भारतीय टी20 टीम पहले आयरलैंड और अब इंग्लैंड के खिलाफ अपने मैचों में बुरे दौर से गुजर रही है। इसी वजह से हमें यह सीरीज खत्म होने के बाद रिव्यू करना होगा। फिलहाल पुरुष टी20 टीम का प्रदर्शन के मामले में बुरा दौर चल रहा है।"

बीसीसीआई सचिव ने आगे कहा, "हमें देखना होगा कि उन्हें किन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, और सीरीज खत्म होने के बाद हम निश्चित रूप से एक डिटेल्ड रिव्यू में इसे सुलझाने की कोशिश करेंगे। इंग्लैंड में 19 जुलाई को वनडे सीरीज खत्म होने के तुरंत बाद रिव्यू होगा।”

इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। खासतौर पर टीम के बल्लेबाजों ने अपने प्रदर्शन से फैंस का दिल तोड़ा है। तीसरे टी20 में भारत की पूरी टीम सिर्फ 76 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी और टीम को इस फॉर्मेट की रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी हार का मुंह देखना पड़ा था।

इंग्लैंड ने तीसरे टी20 में भारत को 125 रनों से हराया था। वहीं, चौथे टी20 में भी भारतीय बल्लेबाज 20 ओवर में 158 रन ही बना सके थे, जिसे इंग्लैंड ने सिर्फ 13.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया था। चौथे टी20 में मिली हार के साथ ही भारत को पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय टी20 ( दो या उससे अधिक मैच) सीरीज गंवानी पड़ी। इससे पहले, श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था।

भारतीय टीम का न तो टॉप ऑर्डर अच्छी लय में दिखाई दिया है और न ही मध्यक्रम इस टी20 सीरीज में कोई खास योगदान दे सका है। वैभव सूर्यवंशी, तिलक वर्मा, ईशान किशन, अक्षर पटेल और शिवम दुबे बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर सके हैं। भारतीय बल्लेबाजों को परिस्थितियों से तालमेल बैठाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। भारत को अगर मेंस की टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में अपनी टॉप पोजीशन बचानी है, तो उन्हें शनिवार को साउथेम्प्टन के द रोज बाउल में इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी टी20 में जीत हासिल करनी होगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 July 2026 2:54 PM IST

Tags

Next Story