राम मंदिर चढ़ावा मामले में सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा, आरएसएस को घेरा, कहा-"मुंह में राम, बगल में छुरी"

राम मंदिर चढ़ावा मामले में सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा, आरएसएस को घेरा, कहा-मुंह में राम, बगल में छुरी
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राम मंदिर चढ़ावा मामले में भाजपा और आरएसएस को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला केवल आर्थिक गड़बड़ी का नहीं बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर सीधा प्रहार है।

चंडीगढ़, 10 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राम मंदिर चढ़ावा मामले में भाजपा और आरएसएस को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला केवल आर्थिक गड़बड़ी का नहीं बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर सीधा प्रहार है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भगवान राम केवल हिंदुओं के आराध्य नहीं हैं बल्कि विभिन्न धर्मों के संतों और महात्मा गांधी जैसे नेताओं के भी आदर्श रहे हैं। मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी "महापाप" है और इसकी नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी भाजपा और आरएसएस को लेनी चाहिए क्योंकि ट्रस्ट के संचालन में उनके करीबी लोग शामिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि ट्रस्ट के प्रबंधन में गड़बड़ी हुई है तो जिम्मेदार लोगों को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए और उनकी जगह निष्पक्ष एवं साफ-सुथरी छवि वाले लोगों को जिम्मेदारी सौंपी जानी चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस मुद्दे पर जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राम मंदिर की आधारशिला रखने, उद्घाटन और प्राण-प्रतिष्ठा का श्रेय लिया था, इसलिए अब कथित अनियमितताओं पर उनकी चुप्पी समझ से परे है।

श्रीनेत ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा गठित राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सूचना के अधिकार (आरटीआई) के दायरे से बाहर रखा गया, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं। पूरे मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं जुड़ी हुई हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान श्रीनेत ने दावा किया कि 40 दिनों के भीतर मंदिर का चढ़ावा 70 बार कथित रूप से चोरी हुआ। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि "मुंह में राम और बगल में छुरी" जैसी स्थिति पैदा की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वयं को हिंदुत्व का रक्षक बताने वाले लोगों ने ही भगवान राम के नाम पर लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाई है।

उन्होंने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद निजी सुरक्षा एजेंसी क्यों नियुक्त की गई, जबकि उसका संबंध कथित तौर पर भाजपा नेता से बताया जा रहा है। जिन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए, वे स्वयं प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं।

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में मतभेद होना स्वाभाविक है लेकिन चुनाव के समय सभी नेता एकजुट होकर जनता के बीच जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी एक व्यक्ति की पार्टी नहीं है और प्रत्येक नेता को अपनी बात रखने का अधिकार है।

राजा वड़िंग की मौजूदगी में श्रीनेत ने घोषणा की कि कांग्रेस वर्ष 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव श्री गुरुनानक देव जी की शिक्षाओं और भगवान राम के आदर्शों को केंद्र में रखकर लड़ेगी। वहीं, फिल्म 'सतलुज' विवाद पर उन्होंने भाजपा की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे कई संदेह पैदा होते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 July 2026 4:56 PM IST

Tags

Next Story