इयोन मोर्गन के 'खास क्लब' में शामिल हुए जोस बटलर, इंग्लैंड के दूसरे क्रिकेटर बने
एजबेस्टन, 14 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने भारत के खिलाफ मंगलवार को एजबेस्टन वनडे में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस उपलब्धि को हासिल करते हुए बटलर ने पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन के क्लब में जगह बना ली है और ऐसा करने वाले वे इंग्लैंड के सिर्फ दूसरे क्रिकेटर हैं।
दरअसल, भारत के खिलाफ पहला वनडे मुकाबला जोस बटलर के वनडे करियर का 200वां मैच है। वह वनडे फॉर्मेट में इंग्लैंड के लिए 200 मैच खेलने वाले सिर्फ दूसरे क्रिकेटर हैं। बटलर से पहले पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन ही एकमात्र ऐसे क्रिकेटर रहे हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के लिए 200 वनडे या उससे अधिक खेले हैं। मॉर्गन ने इंग्लैंड के लिए 225 वनडे खेले हैं। वनडे विश्व कप 2027 को लक्ष्य बनाकर खेल रहे बटलर मॉर्गन के सर्वाधिक वनडे के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं और भविष्य में इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक वनडे खेलने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं।
जोस बटलर के लिए खास यह रहा कि उन्हें 200वां वनडे कैप इयोन मॉर्गन ने ही दिया।
हालांकि, जोस बटलर के लिए 200वां वनडे यादगार नहीं रहा। वह महज 5 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने।
बटलर के वनडे करियर पर नजर डालें तो 200 वनडे में 38.87 की औसत से 11 शतक लगाते हुए वो 5520 रन बना चुके हैं। वनडे फॉर्मेट में बटलर, जो रूट, और मॉर्गन के बाद इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं।
35 साल के बटलर की फॉर्म पिछले कुछ समय से निराशाजनक थी, लेकिन भारत के खिलाफ पांचवें टी20 में मात्र 64 गेंदों पर 131 रन की पारी खेल उन्होंने फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। बटलर अपने फॉर्म को बरकरार रख सके, तो वह न सिर्फ वनडे फॉर्मेट में टीम से सफलतम बल्लेबाज बन सकते हैं, बल्कि अगले वनडे विश्व कप में भी टीम के लिए बेहद अहम हो सकते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 July 2026 7:07 PM IST












