इरोड में बेबी नहर योजना का विरोध तेज, पानी सप्लाई रोकने पर किसानों ने चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी

इरोड में बेबी नहर योजना का विरोध तेज, पानी सप्लाई रोकने पर किसानों ने चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी
तमिलनाडु के इरोड जिले में किसानों ने कलिंगरायन नहर के किनारे प्रस्तावित “बेबी नहर” परियोजना का कड़ा विरोध शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि इस योजना से उनकी खड़ी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।

इरोड, 21 मार्च (आईएएनएस)। तमिलनाडु के इरोड जिले में किसानों ने कलिंगरायन नहर के किनारे प्रस्तावित “बेबी नहर” परियोजना का कड़ा विरोध शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि इस योजना से उनकी खड़ी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।

दरअसल, बेबी नहर का उद्देश्य सीवेज के गंदे पानी को मुख्य नहर में जाने से रोककर दूसरी दिशा में मोड़ना है, लेकिन इसके निर्माण के लिए जल संसाधन विभाग ने निर्धारित समय से पहले ही पानी की आपूर्ति बंद करने का फैसला किया है।

कलिंगरायन सिंचाई प्रणाली इरोड जिले में कृषि के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस नहर के जरिए लगभग 1,500 एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई होती है, जहां किसान गन्ना, हल्दी, केला और नारियल जैसी फसलें उगाते हैं। इसके अलावा, इरोड कॉर्पोरेशन से लेकर कोडुमुडी तक के इलाकों में रहने वाले लोगों को भी इस नहर के कारण भूजल स्तर का लाभ मिलता है।

किसानों का कहना है कि फसलें पहले ही बोई जा चुकी हैं और अब कटाई के करीब हैं। ऐसे समय में अगर पानी की आपूर्ति रोक दी जाती है, तो उनकी मेहनत पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया है कि जल संसाधन विभाग के अधिकारी किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर ठेकेदार का पक्ष ले रहे हैं।

इस मुद्दे को लेकर किसानों और अधिकारियों के बीच अब तक चार दौर की बैठक हो चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया है। किसानों ने मांग की है कि पानी की आपूर्ति कम से कम 15 अप्रैल तक जारी रखी जाए, जैसा कि पहले तय किया गया था। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया है कि बेबी नहर का निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि खेती पर इसका असर न पड़े।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आने वाले विधानसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे। इस विवाद के चलते इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन पर जल्द समाधान निकालने का दबाव बढ़ता जा रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   21 March 2026 6:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story