एक्साइज ड्यूटी में कटौती से केंद्र सरकार को होगा 4 लाख करोड़ का नुकसान सस्मित पात्रा
नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। बीजू जनता दल (बीजेडी) सांसद सस्मित पात्रा ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इसका असर वैश्विक स्तर के साथ-साथ भारत की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है।
बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिसका सीधा प्रभाव भारत जैसे आयात पर निर्भर देशों पर पड़ता है। इसी संदर्भ में केंद्र सरकार की ओर से एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे सरकार को लगभग 3 से 4 लाख करोड़ रुपए का राजस्व नुकसान होने का अनुमान है।
सर्वदलीय बैठक को लेकर पात्रा ने बताया कि यह बैठक सभी राजनीतिक दलों को साथ लाने के उद्देश्य से बुलाई गई थी, जिसमें उन्होंने बीजू जनता दल (बीजेडी) का प्रतिनिधित्व किया। इससे पहले मुख्यमंत्रियों के साथ भी एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी।
उन्होंने कहा, जब कोई अंतरराष्ट्रीय मुद्दा भारत की अर्थव्यवस्था को प्रभावित करता है, तो उससे निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ विपक्ष और सत्ता पक्ष सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए। इस तरह के मुद्दों पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर एक समान सोच और साझा रणनीति अपनाना जरूरी है।
इसके अलावा, पात्रा ने ओडिशा में हाल ही में हुई एक दर्दनाक घटना पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ट्रॉमा आईसीयू में आग लगने से कई निर्दोष लोगों की जान चली गई थी, जो बेहद दुखद और चिंताजनक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस गंभीर घटना के बावजूद राज्य में किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या नेता ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। उन्होंने विशेष रूप से राज्य के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं में जवाबदेही तय होना बेहद जरूरी है।
बता दें कि 16 मार्च को कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुई आग की घटना में आधिकारिक तौर पर 12 मरीजों की जान चली गई थी। इस मामले में अग्निशमन विभाग के तीन अधिकारी और एक इंजीनियर को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया था। रिपोर्टों के अनुसार, 16 मार्च की देर रात एससीबी मेडिकल कॉलेज के 'ट्रॉमा केयर सेंटर' के आईसीयू में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 3:05 PM IST












