फरीदकोट में 2 किलो हेरोइन के साथ दो ड्रग तस्कर गिरफ्तार

फरीदकोट में 2 किलो हेरोइन के साथ दो ड्रग तस्कर गिरफ्तार
पंजाब के फरीदकोट में पुलिस ने नशा तस्करी नेटवर्कों के खिलाफ एक ऑपरेशन के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो व्यक्तियों को 2.011 किलोग्राम हेरोइन और 50 हजार रुपये ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया है।

फरीदकोट, 2 मई (आईएएनएस)। पंजाब के फरीदकोट में पुलिस ने नशा तस्करी नेटवर्कों के खिलाफ एक ऑपरेशन के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो व्यक्तियों को 2.011 किलोग्राम हेरोइन और 50 हजार रुपये ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया है।

पुलिस का कहना है कि कड़ी निगरानी और लगातार सतर्कता के कारण एक बड़े ड्रग कार्टल को तोड़ने में सफलता मिली है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान विशाल उर्फ घोगा और रमन के रूप में हुई है। दोनों फिरोजपुर जिले के बॉर्डर रोड आवा बस्ती के रहने वाले हैं, जो पाकिस्तान बॉर्डर के नजदीक है।

एसपी (इन्वेस्टिगेशन) योगेश्वर सिंह गोराया ने बताया कि 1 मई की शाम सीआईए स्टाफ जैतो की टीम ढिलवां कलां में मौजूद थी। तभी राष्ट्रीय राजमार्ग-54 के पास बस स्टैंड की बेंच पर 2 व्यक्ति बैठे दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर वे मोटरसाइकिल स्टार्ट करने लगे, जिसके बाद शक के आधार पर उन्हें रोका गया। इसके बाद डीएसपी (इन्वेस्टिगेशन) अवतार सिंह राजपाल की निगरानी में की गई तलाशी के दौरान 2.011 किलोग्राम हेरोइन और ड्रग मनी बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बरामद हेरोइन की खेप आरोपियों ने अपने पिछले सप्लायरों से प्राप्त की थी और इसे आगे सप्लाई करने की नीयत से ले जा रहे थे। पकड़े गए दोनों कथित आरोपी मार्च 2026 में ही जेल से बाहर आए थे।

एसपी गोराया ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। रमन के खिलाफ नशा तस्करी से जुड़े 4 मामले और विशाल उर्फ घोगा के खिलाफ 1 मामला पहले से दर्ज है। दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया गया है ताकि बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहराई से जांच की जा सके। उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना सदर कोटकपूरा में केस दर्ज किया गया है। एसपी गोराया ने कहा कि नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस-प्रशासन मुस्तैदी के साथ पंजाब में नशा तस्करी पर रोक लगाने का प्रयास कर रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 May 2026 8:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story