फारूक अब्दुल्ला पर भाजपा नेता ने बोला हमला, कहा- 'पाकिस्तान से इतना प्रेम है तो वहीं चले जाएं'

फारूक अब्दुल्ला पर भाजपा नेता ने बोला हमला, कहा- पाकिस्तान से इतना प्रेम है तो वहीं चले जाएं
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर जम्मू-कश्मीर में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने फारूक अब्दुल्ला पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें पाकिस्तान से इतना प्रेम है, उन्हें जम्मू-कश्मीर में रहने के बजाय पाकिस्तान चले जाना चाहिए।

श्रीनगर, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर जम्मू-कश्मीर में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने फारूक अब्दुल्ला पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें पाकिस्तान से इतना प्रेम है, उन्हें जम्मू-कश्मीर में रहने के बजाय पाकिस्तान चले जाना चाहिए।

आईएएनएस से बातचीत में अल्ताफ ठाकुर ने फारूक अब्दुल्ला के बयान को निंदनीय बताते हुए आरोप लगाया कि इसमें देशविरोधी सोच झलकती है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर में हिंसा और खून-खराबे को बढ़ावा दिया है, जिसके कारण हजारों लोगों की जान गई है। ऐसे देश की तारीफ करना उनकी देशविरोधी सोच को दिखाता है।

भाजपा नेता ने नेशनल कॉन्फ्रेंस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी अपनी राजनीतिक नाकामियों को छिपाने के लिए इस तरह के बयान दे रही है। उनका दावा है कि पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और कुछ नेता उससे दूरी बना रहे हैं। फारूक अब्दुल्ला जनता का ध्यान असल मुद्दों से हटाने की कोशिश कर रहे हैं।

अल्ताफ ठाकुर ने सवाल उठाया कि जिस पाकिस्तान को भारत ने कई बार युद्ध के मैदान और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जवाब दिया है, वह हमारी सुरक्षा करेगा, अब्दुल्ला की सुरक्षा कर सकता है, हमारे जम्मू-कश्मीर की नहीं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की तारीफ करने वालों के लिए जम्मू-कश्मीर में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने फारूक अब्दुल्ला से अपने बयान पर माफी मांगने की मांग की और कहा कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में अलग-अलग जगहों पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है और उनकी पार्टी भी कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही है। हम लोग भी उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगे।

पीएम मोदी को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विवादित बयान पर भाजपा नेता ने कहा कि पार्टी नैतिकता खो चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के लिए माफी मांगने की मांग की।

दूसरी ओर, विलय दिवस को लेकर भाजपा नेता ने कहा कि आज का दिन बहुत ही सुंदर और हमारे लिए सबसे खुशी का दिन है, क्योंकि 1947 में इसी दिन जम्मू और कश्मीर का भारत में विलय किया गया था। उस समय 'दो-राष्ट्र सिद्धांत' को खारिज कर दिया गया था, जबकि कुछ ताकतें और शक्तियां इसी सिद्धांत के आधार पर भारत के विभाजन का समर्थन कर रही थीं। लेकिन, हमारे महाराजा एक दूरदर्शी नेता थे। वे समझते थे कि जम्मू और कश्मीर और यहां के लोगों का भविष्य कहां सुरक्षित रहेगा। इसीलिए उन्होंने उस समय भारत के साथ जुड़ने का फैसला किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story