फर्रुखाबाद नाबालिग की हत्या, नदी किनारे बोरी में मिला शव
लखनऊ, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। फर्रुखाबाद के जनपद की मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र से गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां 14 वर्षीय नाबालिग की हत्या कर उसका शव बोरी में भरकर काली नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम सिरौली निवासी अजय कुमार पाल ने 30 मार्च को गांव के ही तीन आरोपियों, कुलदीप पुत्र वेदराम, रोहित पुत्र प्रदीप एवं एक नाबालिग के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा गया था कि 28/29 मार्च की रात आरोपियों ने कथित रूप से घर में दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर परिजनों को अचेत कर दिया और उनकी 14 वर्षीय पुत्री को घर से ले गए। साथ ही घर में रखे जेवरात में से दो जोड़ी झुमका, एक जोड़ी टॉप्स, एक सोने की चेन, एक जोड़ी पायल तथा करीब 50 हजार रुपए नकद भी चुरा ले गए।
जांच के दौरान पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर छिबरामऊ मार्ग पर काली नदी के किनारे, ग्राम कुम्हौली के अंत्येष्टि स्थल के पास, नदी से लगभग 20 मीटर दूरी पर बोरी में बंद किशोरी का शव बरामद किया। शव मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश द्विवेदी, थाना प्रभारी नवाबगंज राजीव कुमार तथा कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों में मृतका की माता सुषमा देवी और पिता अजय कुमार पाल का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया गया कि मृतका तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। परिजनों ने प्रारंभिक स्तर पर पुलिस द्वारा शिकायत को गंभीरता से न लेने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, पुलिस द्वारा अब मामले में कार्रवाई जारी है।
घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 30 मार्च को थाना नवाबगंज में आकर एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसकी नाबालिग पुत्री को गांव का ही एक नाबालिग लड़का अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बहला-फुसलाकर भगा कर ले गया है। तत्काल अभियोग पंजीकृत कर बालिका की खोज के लिए विभिन्न टीमें लगा दी गई थीं। इसी क्रम में नामजद बाल अपचारी से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि 28/29 की रात्रि को बालिका उसके पास आई और शादी का दबाव बनाने लगी। वह कहने लगी कि अब घर लौट कर नहीं जाऊंगी। अब मैं तुम्हारे साथ ही रहूंगी। इसी बात से परेशान होकर आरोपी ने अपने एक अन्य साथी, जिसका नाम विवेक पाल है, के साथ मिलकर बालिका की हत्या कर दी और रात्रि में ही शव खेत में छुपा दिया।
अगले दिन दोनों ने बालिका के शव को बोरे में रखकर काली नदी के किनारे कुमहौली में ले जाकर छुपा दिया। अभियुक्त की निशानदेही पर गुरुवार को बालिका का शव बरामद किया गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 8:40 PM IST












