गेटवे ऑफ इंडिया के पास अरब सागर में फेरी बोट खराब, 38 लोगों की अटकी सांसें, सभी सुरक्षित
मुंबई, 4 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। गेटवे ऑफ इंडिया के पास अरब सागर में 38 लोगों को ले जा रही एक फेरी बोट अचानक खराब हो गई। नाव में 34 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे। गनीमत रही कि समय रहते दूसरी बोट मदद के लिए पहुंच गई और सभी को सुरक्षित गेटवे ऑफ इंडिया जेट्टी पर वापस लाया गया।
जानकारी के मुताबिक, अनवारी नाम की यह फेरी बोट गेटवे ऑफ इंडिया से आधे घंटे की समुद्री सैर कराती है। गुरुवार रात करीब 8.30 बजे यह बोट सैर के बाद गेटवे ऑफ इंडिया की ओर लौट रही थी, तभी इसमें तकनीकी खराबी आ गई। उस वक्त बोट गेटवे ऑफ इंडिया से करीब 1.5 नॉटिकल मील दूर समुद्र में थी और उसने अचानक काम करना बंद कर दिया।
समुद्र के बीच बोट रुकने से यात्रियों में दहशत फैल गई। क्रू मेंबर ने तुरंत कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस हरकत में आई और तुरंत स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पास में मौजूद फेरी ऑपरेटरों को अलर्ट किया।
कुछ ही मिनटों में एक दूसरी रेस्क्यू फेरी बोट मौके पर पहुंची। उसने खराब हुई अनवारी फेरी को रस्सी से बांधकर खींचते हुए गेटवे ऑफ इंडिया जेट्टी की ओर लाना शुरू किया। पुलिस, फेरी ऑपरेटर और क्रू मेंबर के बीच बेहतर तालमेल के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से पूरा हुआ।
सभी 34 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित किनारे पर लाया गया। किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
मुंबई पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में बोट में तकनीकी खराबी की बात सामने आई है। बोट के इंजन में दिक्कत आई थी। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और फेरी के फिटनेस व सुरक्षा मानकों की भी जांच होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Sept 2026 12:21 AM IST











