फीफा अंडर-15 वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल में अफगानिस्तान ने भारत को 2-1 से हराया

बाकू, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। फीफा अंडर-15 वर्ल्ड कप एंड फेस्टिवल अजरबैजान 2026 के क्वार्टर फाइनल (81वें से 88वें स्थान के लिए) में भारत को अफगानिस्तान के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला गुरुवार को बाकू के होवसन कॉम्पिटिशन कॉम्प्लेक्स (पिच 1ए) में खेला गया।
भारत ने शुरुआत में कुछ मौके बनाए, लेकिन इसके बावजूद मैच में पिछड़ गया। अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद मुस्तफा (15वें मिनट) और शहजादा सुल्तानी (27वें मिनट) ने गोल दागे। दूसरे हाफ में निबास मीतेई वाहेंगबम ने एक गोल करके अंतर कम किया, लेकिन भारत बराबरी का गोल नहीं कर सका।
आक्रामक शुरुआत करते हुए भारत छठे मिनट में ही गोल करने के करीब पहुंच गया था। बाईं तरफ से आर. लालरेमरुआतफेला के दिए गए लो-क्रॉस को अफगानिस्तान के गोलकीपर ठीक से पकड़ नहीं पाए, लेकिन विक्टर लालवमपुइया समय रहते प्रतिक्रिया नहीं दे सके। इसके बाद गेंद वापस लालरेमरुआतफेला के पास पहुंची, जिन्होंने बाएं पैर से शॉट मारा, जिसे गोलकीपर ने डाइव लगाकर बचा लिया। तीन मिनट बाद, निबास ने लालवमपुइया की तरफ एक 'थ्रू बॉल' बढ़ाई, लेकिन इससे पहले कि भारतीय फॉरवर्ड गेंद तक पहुंच पाते, अफगानिस्तान के गोलकीपर अपनी लाइन से बाहर आकर गेंद को पकड़ लिया।
हालांकि, खेल के प्रवाह के विपरीत अफगानिस्तान ने पहला गोल कर दिया। सुल्तानी ने बाईं ओर से एक क्रॉस दिया, जिस पर मुस्तफा ने बिरजीत सिंह अमॉम की मार्किंग से बचते हुए दाएं पैर से वॉली लगाकर अपनी टीम को बढ़त दिला दी।
27वें मिनट में डिफेंसिव गलती के कारण भारत की मुश्किलें और बढ़ गईं। खैर मोहम्मद नजारी के दबाव में, नारा मीतेई लौशमबम ने एक गलत पास दिया, जिसे सुल्तानी ने इंटरसेप्ट कर लिया। इसके बाद अफगान फॉरवर्ड ने भारतीय डिफेंडरों को छकाते हुए नियर पोस्ट की तरफ नेट के ऊपरी हिस्से में एक जोरदार शॉट मारा।
भारत ने काउंटर-अटैक के जरिए वापसी की कोशिश की, लेकिन कॉर्नर और सेट-पीस मौकों को गोल में बदलने में संघर्ष करना पड़ा। उनकी मेहनत 37वें मिनट में रंग लाई, जब लालरेमरुआतफेला ने बॉक्स के अंदर एक लंबी गेंद को कंट्रोल किया और उसे निबास की तरफ बढ़ाया, जिन्होंने गोल करके अंतर को कम कर दिया। मैच के अंतिम क्षणों में भारत ने बराबरी का गोल करने की कोशिश की, लेकिन अफगानिस्तान ने अपनी बढ़त बनाए रखी और जीत हासिल की।
अब भारत का अगला मुकाबला गुरुवार को शाम 7:45 बजे (भारतीय समय के अनुसार) कजाकिस्तान से होगा, जो 85वें से 88वें स्थान के लिए खेला जाने वाला सेमीफाइनल मैच है। कजाकिस्तान को अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हंगरी से हार का सामना करना पड़ा था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
