एफआईएच विमेंस नेशंस कप भारतीय टीम ने बनाई सेमीफाइनल में जगह, उरुग्वे को 3-2 से हराया

एफआईएच विमेंस नेशंस कप भारतीय टीम ने बनाई सेमीफाइनल में जगह, उरुग्वे को 3-2 से हराया
एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। आखिरी पूल मैच में भारत ने उरुग्वे को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है।

ऑकलैंड, 18 जून (आईएएनएस)। एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। आखिरी पूल मैच में भारत ने उरुग्वे को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया है।

मैच में 0-1 से पिछड़ने के बाद भारत ने जबरदस्त वापसी की। भारत की ओर से दीपिका ने दो गोल किए, जबकि सोरेंग ने एक गोल दागा। इस जीत से भारत ने अमेरिका, जापान और उरुग्वे पर लगातार तीन जीत के साथ पूल ए में पहले स्थान हासिल कर लिया है। दूसरे स्थान पर रहने के साथ ही अमेरिका भी भारत के साथ-साथ सेमीफाइनल की रेस में शामिल हो गया है।

उरुग्वे के लिए कियारा एपेनिनो (13वें मिनट) और मैनुएला विलार (55वें मिनट) ने गोल किए, जबकि भारत के लिए दीपिका (24वें, 56वें मिनट) और दीपिका सोरेंग (43वें मिनट) ने गोल किए। यह मैच मिडफील्डर नेहा के लिए यादगार रहा। भारतीय महिला हॉकी टीम की जर्सी में यह उनके इंटरनेशनल करियर का 200वां मुकाबला रहा।

उरुग्वे ने 13वें मिनट में ही मैच में 1-0 की बढ़त हासिल की। कियारा एपेनिनो ने पेनल्टी कॉर्नर के रूप में हाथ आए मौके को भुनाया और मैच का पहला गोल दागा। हालांकि, भारतीय टीम ने मैच में शानदार वापसी की। हाफ टाइम से पहले अपनी इन-फॉर्म ड्रैग-फ्लिकर दीपिका के गोल की बदौलत भारतीय टीम ने स्कोर 1-1 से बराबर किया। दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर को शानदार गोल में तब्दील किया।

दूसरे हाफ में मोमेंटम पूरी तरह से भारत के पक्ष में नजर आया। भारतीय टीम ने लगातार आक्रामक खेल दिखाया और उरुग्वे के डिफेंस पर दबाव डाला। भारत को मैच के 43वें मिनट में सफलता मिली, जब दीपिका सोरेंग ने एक शानदार फील्ड गोल करके भारत को आखिरी क्वार्टर में 2-1 की बढ़त दिला दी।

उरुग्वे ने अपनी ओर से लड़ाई जारी रखी और मैच के आखिर में कप्तान मैनुएला की मदद से स्कोर को 2-2 से बराबर कर दिया। मैनुएला ने मैच के 55वें मिनट में उरुग्वे की तरफ से दूसरा गोल किया। हालांकि, भारत ने ठीक एक मिनट बाद ही मैच में अपना तीसरा गोल करते हुए जोरदार वापसी की। दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए शानदार गोल दागा और भारत को फिर से बढ़त में ला दिया। इसके बाद दोनों उरुग्वे ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन वह भारत के डिफेंस को नहीं भेद सके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 Jun 2026 2:27 PM IST

Tags

Next Story