एफआईएच वर्ल्ड कप के लिए यूरोप रवाना हुई भारतीय महिला हॉकी टीम
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम बुधवार को यूरोप के लिए रवाना हो गई। यह एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप (बेल्जियम और नीदरलैंड्स 2026) की तैयारियों का आखिरी चरण है। विश्व कप का आगाज अगले महीने होना है; उससे पहले भारतीय टीम जर्मनी के खिलाफ दो प्रैक्टिस मैच खेलेगी।
भारतीय टीम बेंगलुरु से मुंबई गई और फिर वहां से फ्रैंकफर्ट के लिए उड़ान भरी। फ्रैंकफर्ट में टीम ट्रेनिंग करेगी और 31 जुलाई व 1 अगस्त को मेजबान टीम के खिलाफ लगातार दो फ्रेंडली मैच खेलेगी। उम्मीद है कि इन मैचों से टीम को यूरोप के माहौल में ढलने और वर्ल्ड कप से पहले अपने कॉम्बिनेशन को बेहतर करने में मदद मिलेगी।
जर्मनी में ट्रेनिंग कैंप खत्म करने के बाद, भारतीय टीम 2 अगस्त को एम्स्टर्डम जाएगी ताकि प्रतियोगिता शुरू होने से पहले अपनी तैयारी पूरी कर सके। भारत को पूल डी में रखा गया है और वह 16 अगस्त को चीन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। इसके बाद टीम ग्रुप स्टेज के अगले दो मैचों में साउथ अफ्रीका और फिर इंग्लैंड का सामना करेगी और नॉकआउट स्टेज में जगह बनाने का प्रयास करेगी। कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि एक अच्छे ट्रेनिंग सेशन के बाद टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे उसी लय को वर्ल्ड कप में भी बनाए रखना चाहती हैं।
सलीमा ने कहा, "पूरी टीम आने वाली चुनौती के लिए तैयार है। हमारी ट्रेनिंग अच्छी रही है और अब मकसद इसी लय को प्रैक्टिस मैचों और फिर वर्ल्ड कप में भी बनाए रखना है। शुरुआती मैच में चीन का सामना करना एक अहम परीक्षा होगी और हम टूर्नामेंट की शुरुआत सकारात्मक तरीके से करना चाहते हैं। एक टीम के तौर पर हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
भारतीय टीम महीनों की तैयारी के बाद इस बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रही है। जर्मनी में ट्रेनिंग के इस दौर को टीम बेल्जियम और नीदरलैंड्स में दुनिया की कुछ बेहतरीन टीमों का सामना करने से पहले अपने खेल को और बेहतर बनाने के एक अहम मौके के तौर पर देख रही है। एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप का आगाज 15 अगस्त से होना है और टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 30 अगस्त को खेला जाना है। सलीमा टेटे की कप्तानी में भारतीय टीम वैश्विक मंच पर इस बार अपनी छाप जरूर छोड़ना चाहेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 July 2026 2:13 PM IST












