फिल्मी गानों में सिमटता सूफीवाद, मुज्तबा नजा ने बयां किया कव्वाली का बदलता दौर

फिल्मी गानों में सिमटता सूफीवाद, मुज्तबा नजा ने बयां किया कव्वाली का बदलता दौर
भारतीय संगीत जगत में अपनी बुलंद और रूहानी आवाज से पहचाने जाने वाले मशहूर प्लेबैक सिंगर मुज्तबा अजीज नजा एक प्रतिष्ठित संगीत घराने से ताल्लुक रखते हैं। गायक ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत में सूफी संगीत की बदलती स्थिति पर बात की।

मुंबई, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय संगीत जगत में अपनी बुलंद और रूहानी आवाज से पहचाने जाने वाले मशहूर प्लेबैक सिंगर मुज्तबा अजीज नजा एक प्रतिष्ठित संगीत घराने से ताल्लुक रखते हैं। गायक ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत में सूफी संगीत की बदलती स्थिति पर बात की।

उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में सूफी संगीत के सिमटते दायरे पर बात की। उन्होंने इस बात पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि आज की फिल्मों में सूफी संगीत केवल 'इमोशनल सीन' या किसी खास हालात तक सीमित होकर रह गया है। एक दौर था जब हर फिल्म में एक कव्वाली अनिवार्य होती थी। आज वह समय बदल गया है। अब कव्वाली और सूफी गानों का इस्तेमाल केवल कहानी की मांग के हिसाब से ही किया जाता है। सूफी संगीत की आत्मा उसकी गहराई में है, जिसे आज के फास्ट फॉरवर्ड डिजिटल जमाने में बचाकर रखना थोड़ा मुश्किल होता जा रहा है। लोग अब गानों को सुनने के बजाय 'स्क्रॉल' करते हैं, जबकि सूफी संगीत सब्र और सुकून की मांग करता है।

गायक ने लाइव परफॉर्मेंस के बारे में करते हुए बताया कि कव्वाली पूरी तरह से माहौल और दर्शकों की ऊर्जा पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा, "हम गानों की लिस्ट तो बनाकर ले जाते हैं, लेकिन जैसे ही मंच पर पहुंचते हैं, दर्शकों का उत्साह सब कुछ बदल देता है। हम मौके पर ही गानों के अंदाज और क्रम को बदल देते हैं। यही सहजता कव्वाली की असली ताकत है।"

उन्होंने स्वीकार करते हुए कहा कि जब आपके नाम के साथ कोई बड़ा व्यक्तित्व जुड़ा हुआ होता है, तो सभी की उम्मीदें आपसे दोगुना हो जाती है। शुरुआत में मुझे उस जिम्मेदारी का अंदाजा नहीं था, शायद इसलिए राह थोड़ी आसान लगी, लेकिन जैसे-जैसे समय बीता, मुझे समझ आया कि असली चुनौती उन उम्मीदों पर खरा उतरने और अपनी खुद की पहचान बनाने में है। मैंने इन चुनौतियों को स्वीकार किया और अपनी कला को निखारने पर काम किया। ऊपर वाले के शुक्र से मैं आज इस मुकाम पर हूं।

गायक मुज्तबा अजीज नजा, फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की 'बाजीराव मस्तानी' और 'पद्मावत' जैसी बड़ी फिल्मों में अपनी गायकी का लोहा मनवा चुके हैं। उन्होंने संजय लीला के साथ अपने काम करने को एक 'लाइफ-चेंजिंग' अनुभव बताया।

उन्होंने कहा, "संजय सर, एक परफेक्शनिस्ट हैं। वे अपनी कला के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। 'बाजीराव मस्तानी' जैसा प्रोजेक्ट मेरे लिए महज एक फिल्म नहीं, बल्कि सीखने की एक पाठशाला थी। भले ही मैं मुख्य कलाकार के तौर पर नहीं था, लेकिन उस संगीत का हिस्सा होना ही गौरव की बात थी। उनके साथ कोई रचनात्मक मतभेद कभी नहीं हुआ क्योंकि उनका विजन कलाकार को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करना है। कई बार कंपोजीशन इतनी तेजी से तैयार हुए कि वह पल खुद में जादुई बन गए।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 April 2026 11:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story