फ्लाइट लेट होने पर हनुमान बेनीवाल का फूटा गुस्सा, कहा- सरकार जिम्मेदारी से बच नहीं सकती

फ्लाइट लेट होने पर हनुमान बेनीवाल का फूटा गुस्सा, कहा- सरकार जिम्मेदारी से बच नहीं सकती
नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने एयर इंडिया की जयपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के लेट होने पर नाराजगी जाहिर की और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

जयपुर, 27 जुलाई (आईएएनएस)। नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) प्रमुख हनुमान बेनीवाल ने एयर इंडिया की जयपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के लेट होने पर नाराजगी जाहिर की और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

हनुमान बेनीवाल के अनुसार, उन्हें संसद के लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले सुबह 11 बजे दिल्ली पहुंचना था, ताकि वे विपक्षी सांसदों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर सकें। हालांकि, एयर इंडिया की फ्लाइट (एआई 1834) के देर से उड़ान भरने के लिए उन्हें लगभग 1 घंटे 20 मिनट की देरी हुई। बेनीवाल ने बताया कि इस फ्लाइट को जयपुर से सुबह 8:50 बजे रवाना होना था, लेकिन इसने लगभग 10:10 बजे ही उड़ान भरी।

सांसद बेनीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गुस्सा जाहिर करते हुए लिखा, ''आज सुबह 11 बजे संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही प्रारम्भ होने से पहले मुझे जयपुर से दिल्ली पहुंचकर विपक्ष के साथी सांसदों के साथ संसदीय कार्यवाही को लेकर विशेष चर्चा करनी थी, लेकिन एयर इंडिया की जयपुर-दिल्ली की उड़ान संख्या एआई 1834 निर्धारित समय के बाद अभी दिल्ली से ही जयपुर के लिए उड़ान नहीं भर पाई है, जबकि जयपुर से इसकी उड़ान का निर्धारित समय सुबह 08:50 का है। देश में आए दिन उड़ानों के विलंब और अव्यवस्था से लाखों यात्री परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नागर विमानन मंत्री इस गंभीर समस्या पर मौन हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि भारत सरकार का एयरलाइंस के संचालन और समयबद्धता पर कोई प्रभावी नियंत्रण ही नहीं बचा है।''

उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को यह समझने की आवश्यकता है कि देश की विमानन व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करना और यात्रियों के समय का सम्मान करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। इससे लगातार मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। एयर इंडिया की उड़ानों में अक्सर लेटलतीफी होती है ,लेकिन सरकार न तो एयर इंडिया की जवाबदेही तय करती है और न ही सुधार के प्रयास करती है।

वहीं, एयर इंडिया ने फ्लाइट देरी होने पर आरपीआई प्रमुख के पोस्ट पर जवाब दिया और लिखा, ''बेनीवाल, हम आपकी चिंता समझते हैं। आने वाले विमान के देर से पहुंचने के कारण फ्लाइट एआई 1834 में देरी हुई है। असुविधा के लिए हमें खेद है।''

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 July 2026 1:43 PM IST

Tags

Next Story