फुटबॉल सीजन के आखिर में रिटायरमेंट लेंगे इंग्लैंड के पूर्व स्टार एश्ले यंग

फुटबॉल सीजन के आखिर में रिटायरमेंट लेंगे इंग्लैंड के पूर्व स्टार एश्ले यंग
एश्ले यंग ने 40 साल की उम्र में पेशेवर फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान किया है, जिससे उनके दो दशक से ज्यादा लंबे करियर का अंत हो जाएगा। यंग ने अपने करियर की शुरुआत वॉटफोर्ड से 2003 में की थी। इसके बाद उन्होंने एस्टन विला, मैनचेस्टर यूनाइटेड, इंटर मिलान और एवर्टन जैसे बड़े क्लबों का प्रतिनिधित्व किया। शुरुआत में विंगर के रूप में पहचान बनाने वाले यंग ने बाद में अपने खेल में बदलाव किया और एक प्रभावी फुल-बैक के रूप में भी खुद को स्थापित किया।

लंदन, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। एश्ले यंग ने 40 साल की उम्र में पेशेवर फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान किया है, जिससे उनके दो दशक से ज्यादा लंबे करियर का अंत हो जाएगा। यंग ने अपने करियर की शुरुआत वॉटफोर्ड से 2003 में की थी। इसके बाद उन्होंने एस्टन विला, मैनचेस्टर यूनाइटेड, इंटर मिलान और एवर्टन जैसे बड़े क्लबों का प्रतिनिधित्व किया। शुरुआत में विंगर के रूप में पहचान बनाने वाले यंग ने बाद में अपने खेल में बदलाव किया और एक प्रभावी फुल-बैक के रूप में भी खुद को स्थापित किया।

एश्ले यंग इप्सविच टाउन में अपने करियर को अलविदा कहेंगे। एवर्टन छोड़ने के बाद, जुलाई 2025 में वह एक साल के कॉन्ट्रैक्ट पर इस क्लब से जुड़े थे। चोटों से जूझने के बावजूद, यंग इस सीजन में इप्सविच के लिए 13 बार मैदान पर उतरे, जिनमें ज्यादातर सब्स्टीट्यूट की भूमिका निभाई। उनका आखिरी मैच जनवरी में ब्रिस्टल सिटी के खिलाफ था, जिसमें उनकी टीम जीती थी।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यंग ने नवंबर 2007 में इंग्लैंड के लिए डेब्यू किया और कुल 39 मैच खेले, जिसमें उन्होंने नेशनल टीम के लिए 7 गोल किए।

इप्सविच टाउन की तरफ से जारी एक बयान में एश्ले ने कहा, "मुझे अपने करियर में जो कुछ भी हासिल हुआ है, उस पर मुझे बहुत गर्व है और मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानता हूं। जब आप खेल में सक्रिय होते हैं, तो अक्सर बैठकर अपने करियर के बारे में सोचने का मौका नहीं मिलता, लेकिन पिछले 23 वर्षों में मैंने अपने सपनों को जिया है। अब समय आ गया है कि मैं इस बात पर विचार करूं कि मैंने क्या हासिल किया है। अगले कुछ हफ्ते और महीने इस बात का फैसला करने में लगेंगे कि मैं आगे क्या करने वाला हूं, लेकिन ये सब बाद की बातें हैं। मेरा पूरा ध्यान शनिवार के मैच पर है और इस क्लब को उसका लक्ष्य हासिल करने में मदद करने पर है, यानी प्रीमियर लीग में वापसी करना।"

टाउन के मैनेजर कीरन मैककेना ने कहा, "एश्ले का खेल में करियर खुद अपनी कहानी कहता है। उनके साथ काम करना मेरे लिए गर्व की बात रही है। पहले मैनचेस्टर यूनाइटेड में और फिर इस सीजन में यहां इप्सविच में। वह हर दिन जिस तरह की प्रोफेशनलिज्म, जबरदस्त खेल भावना और बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हैं, उसका इस सीजन में हमारी टीम पर बहुत गहरा असर पड़ा है। मुझे पूरा यकीन है कि वह अपने करियर का अंत, हमारी टीम को उसका लक्ष्य हासिल करने में मदद करके ही करना चाहते हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 April 2026 10:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story