फ्रेंच ओपन स्वितोलिना को हराकर कोस्त्युक ने रचा इतिहास, पहली बार ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में बनाई जगह

फ्रेंच ओपन स्वितोलिना को हराकर कोस्त्युक ने रचा इतिहास, पहली बार ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में बनाई जगह
मार्टा कोस्तयुक ने ओपन एरा के पहले 'ऑल-यूक्रेनी' ग्रैंड स्लैम क्वार्टरफाइनल में हमवतन एलिना स्वितोलिना को 6-3, 2-6, 6-2 से मात दी। इसी के साथ कोस्तयुक ने रोलैंड गैरोस में अपने पहले बड़े सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।

पेरिस, 2 जून (आईएएनएस)। मार्टा कोस्तयुक ने ओपन एरा के पहले 'ऑल-यूक्रेनी' ग्रैंड स्लैम क्वार्टरफाइनल में हमवतन एलिना स्वितोलिना को 6-3, 2-6, 6-2 से मात दी। इसी के साथ कोस्तयुक ने रोलैंड गैरोस में अपने पहले बड़े सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है।

पेरिस में 15वीं वरीयता प्राप्त 23 वर्षीय मार्टा कोस्तयुक ने 7वीं वरीयता प्राप्त स्वितोलिना को 1 घंटे 49 मिनट चले मुकाबले में शिकस्त दी। कोस्तयुक ने शानदार अंदाज में मैच का समापन करते हुए अंतिम 14 में से 13 अंक अपने नाम किए। यह 'क्ले-कोर्ट' पर कोस्त्युक की 17वीं जीत रही। इस सीजन में वह पहले ही रूएन और मैड्रिड में खिताब जीत चुकी हैं।

कोस्त्युक ने पहला सेट 6-3 से अपने नाम किया, लेकिन स्वितोलिना ने दूसरे सेट में जोरदार वापसी करते हुए 6-2 से जीत दर्ज करते हुए मैच को बराबरी पर ला दिया। हालांकि, युवा खिलाड़ी ने निर्णायक सेट में अपने खेल का स्तर और ऊंचा उठाया। उन्होंने मैच के अंतिम क्षणों में पूरी तरह से अपना दबदबा बनाए रखा और एक यादगार जीत हासिल की।

इस नतीजे से कोस्त्युक का स्वितोलिना के खिलाफ 'हेड-टू-हेड' रिकॉर्ड 2-1 हो गया। उनकी प्रतिद्वंद्विता ऑस्ट्रेलियन ओपन 2018 में शुरू हुई थी, जहां 15 साल की कोस्त्युक अपने ग्रैंड स्लैम डेब्यू में स्वितोलिना से हार गई थीं। तब से, कोस्त्युक ने लगातार इस अंतर को कम किया है।

इस मुकाबले का महत्व टेनिस से कहीं बढ़कर था, क्योंकि यह मैच यूक्रेन में हुए एक रूसी हमले के 24 घंटे से भी कम समय बाद खेला गया। इस हमले में कथित तौर पर कम से कम 18 लोगों की जान चली गई थी।

कोर्ट पर दिए गए एक भावुक इंटरव्यू के दौरान, कोस्त्युक ने इस ऐतिहासिक जीत को अपने देश को समर्पित करते हुए कहा, "मैं अपनी बात की शुरुआत आज एलिना के साथ खेले गए इस ऐतिहासिक मैच से करना चाहूंगी। यूक्रेन में, खासकर कीव में, हमने एक और बेहद मुश्किल रात का सामना किया है। बहुत से लोगों की जान चली गई है। मैं इस जीत को यूक्रेनी लोगों और उनके अदम्य साहस को समर्पित करती हूं।"

इस जीत के साथ, कोस्त्युक ओपन एरा में रोलैंड गैरोस के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली यूक्रेनी महिला खिलाड़ी बन गई हैं। वह एलिना स्वितोलिना और डायना यास्त्रेम्स्का के बाद ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली तीसरी यूक्रेनी खिलाड़ी हैं।

इस जीत के साथ, कोस्त्युक ने क्ले कोर्ट पर स्वितोलिना की लगातार 10 मुकाबलों की जीत का सिलसिला तोड़ दिया। अब सेमीफाइनल में उनका मुकाबला 8वीं वरीयता प्राप्त मिरा एंड्रीवा से होगा। स्वितोलिना के लिए यह हार काफी निराशाजनक रही। पेरिस क्वार्टरफाइनल में यह उनकी छठी हार थी, जिसके साथ ही उनका रिकॉर्ड 0-6 हो गया। इस मैच से पहले, टूर पर साथी यूक्रेनी खिलाड़ियों के खिलाफ उनका रिकॉर्ड 10-2 का था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Jun 2026 9:26 PM IST

Tags

Next Story