गाले टेस्ट भारत के नाम रहा तीसरे दिन का पहला सेशन, लंच ब्रेक तक श्रीलंका ने 5 विकेट खोकर बनाए 99 रन

गाले टेस्ट भारत के नाम रहा तीसरे दिन का पहला सेशन, लंच ब्रेक तक श्रीलंका ने 5 विकेट खोकर बनाए 99 रन
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच गाले इंटरनेशल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के तीसरे दिन का पहला सेशन पूरी तरह से भारतीय टीम के नाम रहा।

गाले, 17 अगस्त (आईएएनएस)। भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच गाले इंटरनेशल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के तीसरे दिन का पहला सेशन पूरी तरह से भारतीय टीम के नाम रहा।

लंच ब्रेक तक श्रीलंका ने भारत द्वारा पहली पारी में बनाए गए 462 रनों के जवाब में 5 विकेट खोकर 99 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए हैं। श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और निशान फर्नांडो बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद दिनेश चांदीमल भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 4 रन बनाकर मानव सुथार का पहला शिकार बने। लाहिरू कुमारा भी मानव की फिरकी में उलझकर रह गए और 27 रन बनाकर आउट हुए। कामिंदु मेंडिस को कुलदीप यादव ने 14 रनों के स्कोर पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल के हाथों कैच कराया।

59 के स्कोर पर 4 विकेट खोकर मुश्किल में दिख रही श्रीलंका की पारी को संभालने के इरादे से कप्तान धनंजय डी सिल्वा मैदान पर उतरे। उन्होंने सोनल दिनुशा के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 31 रन जोड़े। हालांकि, इस साझेदारी को जल्द ही रवींद्र जडेजा ने तोड़ दिया। जडेजा की घूमती गेंद को श्रीलंकाई कप्तान समझने में नाकाम रहे और केएल राहुल के हाथों में कैच देकर पवेलियन लौटे। पहले सेशन के खत्म होने तक दिनुशा 14 और निरोशन डिकवेला 8 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

श्रीलंका अभी भी भारत के स्कोर से 363 रन पीछे है और टीम के महज 5 विकेट बचे हुए हैं। मेजबान टीम पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। भारत की ओर से गेंदबाजी में मानव सुथार 7 ओवर के स्पेल में 17 रन देकर 2 विकेट चटका चुके हैं, जबकि मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट निकाला है। इससे पहले, दिन के पहले ओवर में असिथा फर्नांडो ने प्रसिद्ध कृष्णा को 2 रनों के स्कोर पर आउट करते हुए भारत की पहली पारी को 462 रनों पर समेटा। टीम इंडिया की तरफ से देवदत्त पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 167 रनों की लाजवाब पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने 82 रन बनाए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Aug 2026 12:46 PM IST

Tags

Next Story