गुजरात गांधीनगर में निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा ढहा, 10 लोग घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
गांधीनगर, 9 सितंबर (आईएएनएस)। गुजरात की राजधानी गांधीनगर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां कुडासन इलाके में बन रही इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में 10 लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुडासन में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की दीवार गिर गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय साइट पर कई मजदूर काम कर रहे थे। दीवार गिरने से कई मजदूर मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर फायर ब्रिगेड की टीमें और पुलिस मौके पर पहुंची। मलबे में दबे लोगों को निकालने का काम तेजी से चल रहा है। घायलों को तुरंत गांधीनगर सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब 10 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें सिविल हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। हालांकि, अभी तक किसी की जान जाने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कुछ लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है, जिसके चलते बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और अधिकारियों को बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के लिए अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया है।
प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, लेकिन हादसे के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन ने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Sept 2026 11:35 PM IST












