गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को होंगे बंद, मुखवा गांव के लिए रवाना होगी मां गंगा की डोली

गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को होंगे बंद, मुखवा गांव के लिए रवाना होगी मां गंगा की डोली
हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच स्थित विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम में शीतकालीन प्रवास की धार्मिक परंपरा का निर्वहन मंगलवार को श्रद्धा और आस्था के साथ किया जाएगा। गंगोत्री मंदिर के कपाट सुबह 12 बजकर 05 मिनट पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

उत्तरकाशी, 9 नवंबर (आईएएनएस)। हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच स्थित विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम में शीतकालीन प्रवास की धार्मिक परंपरा का निर्वहन मंगलवार को श्रद्धा और आस्था के साथ किया जाएगा। गंगोत्री मंदिर के कपाट सुबह 12 बजकर 05 मिनट पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

इसके साथ ही मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास के लिए मायके मुखवा गांव की ओर रवाना होगी। मां गंगा की विदाई और मायके आगमन को लेकर गंगोत्री धाम से लेकर मुखवा गांव तक भक्तिमय वातावरण बनने लगा है।

गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के साथ ही आगामी छह माह तक मां गंगा की पूजा-अर्चना मुखवा स्थित मुखीमठ में संपन्न होगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मुखवा गांव को मां गंगा का मायका माना जाता है। प्रत्येक वर्ष शीतकाल में मां गंगा की उत्सव डोली गंगोत्री धाम से मुखवा पहुंचती है, जहां श्रद्धालु पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अपनी आराध्य देवी का स्वागत करते हैं।

मंदिर समिति की तैयारियों के अनुसार कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली रात्रि विश्राम के लिए मारकंडेय अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचेगी। यहां श्रद्धालुओं के लिए रात्रि भोजन और प्रसाद की व्यवस्था की जाएगी। पूरी रात भजन-कीर्तन और संकीर्तन के माध्यम से मां गंगा की आराधना होगी। श्रद्धालु मां गंगा की डोली के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

अगले दिन मां गंगा की उत्सव डोली आर्मी बैंड और स्थानीय पारंपरिक डोली के साथ भव्य धार्मिक यात्रा के रूप में मुखवा गांव पहुंचेगी। मां गंगा के आगमन को लेकर गांव में ग्रामीणों और मंदिर समिति की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पारंपरिक रीति-रिवाजों, पूजा-अर्चना और श्रद्धा के साथ मां गंगा का स्वागत किया जाएगा। गांव में मां गंगा के आगमन को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।

गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद भी मां गंगा की आराधना और दर्शन का क्रम जारी रहेगा। मुखवा स्थित मुखीमठ आगामी छह माह तक मां गंगा की शीतकालीन पूजा का प्रमुख केंद्र रहेगा। मां गंगा के मायके लौटने की यह परंपरा उत्तरकाशी की धार्मिक संस्कृति, आस्था और हिमालयी लोक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story