गर्भावस्था में हाथ, पैर या चेहरे में सूजन? जानें कारण और आसान घरेलू उपाय

गर्भावस्था में हाथ, पैर या चेहरे में सूजन? जानें कारण और आसान घरेलू उपाय
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के शरीर में कई बदलाव आते हैं और उनमें से एक आम समस्या है हाथ, पैर या चेहरे में सूजन, जिसे एडेमा कहते हैं। यह अक्सर दूसरे और तीसरे ट्राइमेस्टर में देखने को मिलता है। दरअसल, इस समय शरीर में लगभग 50 प्रतिशत ज्यादा खून और बॉडी फ्लूइड्स बनते हैं ताकि बढ़ते हुए बच्चे की जरूरतें पूरी हो सकें। यही अतिरिक्त खून और तरल पदार्थ सूजन का कारण बनते हैं।

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के शरीर में कई बदलाव आते हैं और उनमें से एक आम समस्या है हाथ, पैर या चेहरे में सूजन, जिसे एडेमा कहते हैं। यह अक्सर दूसरे और तीसरे ट्राइमेस्टर में देखने को मिलता है। दरअसल, इस समय शरीर में लगभग 50 प्रतिशत ज्यादा खून और बॉडी फ्लूइड्स बनते हैं ताकि बढ़ते हुए बच्चे की जरूरतें पूरी हो सकें। यही अतिरिक्त खून और तरल पदार्थ सूजन का कारण बनते हैं।

सूजन को कम करने और इसे नियंत्रित करने के लिए कुछ सरल उपाय अपनाए जा सकते हैं। सबसे पहले तो अपनी ब्लड प्रेशर की नियमित जांच करते रहें। इससे पता चलता रहेगा कि कहीं हाई ब्लड प्रेशर की समस्या तो नहीं बढ़ रही। इसके अलावा नमक का सेवन कम करना भी बहुत जरूरी है। नमक शरीर में पानी को रोकता है, जिससे सूजन बढ़ सकती है। खाना हल्का और संतुलित होना चाहिए। मसालेदार या खट्टी चीजों से बचना चाहिए।

हल्की-फुल्की एक्सरसाइज करना भी सूजन कम करने में मदद करता है। रोज थोड़ी देर पैदल चलना या स्ट्रेचिंग करना शरीर में फ्लूइड के सही प्रवाह में मदद करता है। सोते समय पैरों को हल्का ऊंचा रखने से भी सूजन कम हो सकती है। आप एक छोटा तकिया या कुशन पैरों के नीचे रख सकते हैं ताकि रक्त प्रवाह सुचारू रहे। लंबे समय तक खड़े या बैठे रहना भी सूजन बढ़ा सकता है, इसलिए बीच-बीच में हल्की मूवमेंट जरूरी है।

इसके अलावा, कुछ आयुर्वेदिक और घरेलू उपाय भी उपयोगी साबित होते हैं, जैसे कि गोखरू चूर्ण 5 ग्राम पानी के साथ दिन में दो बार या पुनर्नवा मंडूर 500 मिलीग्राम दिन में दो बार 15 दिन तक लेने से सूजन कम करने में मदद मिलती है। लेकिन इसे शुरू करने से पहले किसी योग्य आयुर्वेदिक चिकित्सक से सलाह लेना जरूरी है।

आमतौर पर यह सूजन हल्की होती है और चिंता की बात नहीं होती, लेकिन अगर यह बहुत ज्यादा बढ़ जाए या हाई ब्लड प्रेशर के साथ हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। अगर सूजन के साथ ब्लड प्रेशर 140/90 से ज्यादा हो या डिस्यूरिया जैसी समस्या हो रही हो, तो यह सामान्य सूजन से अलग गंभीर स्थिति का संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों में डॉक्टर तुरंत जांच करके उचित इलाज सुझा सकते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 April 2026 11:21 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story