गर्मियों में अमृत समान नारियल पानी, शरीर को प्राकृतिक रूप से रखे हाइड्रेट
नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। गर्मियों के मौसम ने दस्तक दे दी है और देश के कई हिस्सों में हर दिन तापमान बढ़ता जा रहा है। बढ़ते तापमान के बीच शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाना और अंदर से ठंडक प्रदान करना बेहद जरूरी है। ऐसे में नारियल पानी बेहतरीन विकल्प है, जो पोषक तत्वों से भरपूर और शरीर को प्राकृतिक तरीके से हाइड्रेट रखता है।
गर्मियों में रोजाना कम से कम एक-दो नारियल पानी का सेवन जरूर करना चाहिए। यह किसी भी उम्र के व्यक्ति के लिए सुरक्षित और प्राकृतिक पेय है। बाजार में मिलने वाले पैकेज्ड ड्रिंक्स या सोडा के बजाय ताजा नारियल पानी में कोई मिलावट या अतिरिक्त चीनी नहीं होती। आयुर्वेद के अनुसार नारियल पानी गर्मियों में अमृत से कम नहीं है।
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, नारियल पानी गर्मियों का सबसे अच्छा और प्राकृतिक साथी है। यह शरीर को तुरंत हाइड्रेट करता है, एनर्जी देता है और प्राकृतिक रूप से ठंडक पहुंचाता है। नारियल पानी को आयुर्वेद में पित्त-शामक पेय माना जाता है, यानी यह शरीर में बढ़े हुए पित्त दोष को शांत करता है। गर्मी में पसीना ज्यादा आने से शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है, जिससे थकान, कमजोरी, सिरदर्द और चक्कर जैसी समस्याएं हो सकती हैं। नारियल पानी इन सभी समस्याओं से बचाव करता है क्योंकि इसमें प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, नारियल पानी पोटैशियम का बहुत अच्छा स्रोत है, जो शरीर के लिए जरूरी खनिज है। यह दिल की सेहत के लिए फायदेमंद है, ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखता है और मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। गर्मी में व्यायाम या बाहर काम करने के बाद नारियल पानी पीने से थकान जल्दी दूर होती है और शरीर में ताजगी आती है। इसके अलावा, नारियल पानी पाचन तंत्र को सुचारू रखता है।
इसमें मौजूद एंजाइम्स भोजन को आसानी से पचाने में मदद करते हैं और कब्ज जैसी समस्या से राहत देते हैं। त्वचा के लिए भी यह बहुत लाभकारी है। नियमित सेवन से त्वचा में नमी बनी रहती है, दाने-फुंसियां कम होते हैं और गर्मी से होने वाले संक्रमण से बचाव होता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 8:38 PM IST











