गर्मियों के साथ बदलेगी बाबा महाकाल की दिनचर्या, दो माह अर्पित किया जाएगा शिव जलधारा
उज्जैन, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। उज्जैन को बाबा महाकाल की नगरी कहा जाता है, जहां दर्शन मात्र से ही अकाल मृत्यु का भय दूर होता है और बुरा समय भी अच्छा समय में परिवर्तित हो जाता है।
यही कारण है कि भक्त न सिर्फ देश से बल्कि विदेश से भी बाबा के दर्शन के लिए आते हैं। अब गर्मियों की शुरुआत के साथ ही बाबा की पूजन प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। बाबा को बढ़ते तापमान से बचाने के लिए मंदिर में खास प्रबंध किए जा रहे हैं।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि बाबा को गर्मी से राहत प्रदान करने के लिए प्राचीन परंपरा का पालन शुरू होने जा रहा है, जिसमें कई नदियों का पवित्र जल मिलाकर बाबा को अर्पित किया जाएगा।
उन्होंने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, "यह परंपरा सदियों से चली आ रही है। इसमें बाबा को बढ़ते तापमान से बचाने के लिए और आनंद देने के लिए शीतल जल अर्पित किया जा रहा है। बाबा ने अपने कंठ में हलाहल ग्रहण किया है, जिसकी वजह से उनका तापमान गर्म रहता है। यही कारण है कि पुजारी मिलकर ऐसी व्यवस्था करते हैं, जिससे बाबा पर निरंतर जल की धारा पड़ती रहे।"
उन्होंने आगे कहा कि बाबा के ताप को कम करने के लिए ठंडी वस्तुओं का भोग लगाया जाता है और ठंडी वस्तुओं का लेपन भी किया जाता है, जिससे भगवान को हमेशा शीतलता और सुख मिले।
पुजारी ने बताया कि वैशाख और ज्येष्ठ के माह में तापमान सबसे अधिक होता है और ऐसे में बाबा को शिव जलधारा अर्पित की जाती है। वैसे तो रोज ही बाबा को जलधारा अर्पित की जाती है, लेकिन शिव जलधारा विशेष है। इसमें दो माह बाबा पर मटके की जलधारा अर्पित होती है, जिसमें मंदिर के तीर्थ कुंड का जल होता है। तीर्थ कुंड में पहले से ही सभी पवित्र नदियों का जल समाहित है। ऐसे में दो माह तक मिट्टी के मटके के जरिए बाबा को शीतलता दी जाती है। उन्होंने बताया कि ऐसा करने से कई यज्ञों का फल मिलता है और जीवन में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 7:48 PM IST












