गाजा में आईडीएफ की कार्रवाई, हमले की योजना बना रहे तीन लड़ाकों को मार ग‍िराने का दावा

गाजा में आईडीएफ की कार्रवाई, हमले की योजना बना रहे तीन लड़ाकों को मार ग‍िराने का दावा
इजरायल ड‍िफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने गाजा पट्टी में तीन लड़ाकों को मार ग‍िराने का दावा क‍िया है। आईडीएफ ने कहा क‍ि तीनों लड़ाके इजराइली सैनिकों और नागरिकों के ख‍िलाफ हमले की योजना बना रहे थे।

नई द‍िल्‍ली, 2 अगस्त (आईएएनएस)। इजरायल ड‍िफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने गाजा पट्टी में तीन लड़ाकों को मार ग‍िराने का दावा क‍िया है। आईडीएफ ने कहा क‍ि तीनों लड़ाके इजराइली सैनिकों और नागरिकों के ख‍िलाफ हमले की योजना बना रहे थे।

इजरायल ड‍िफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर पोस्‍ट क‍िया, ''गाजा पट्टी में हमारी सेना के खिलाफ हमले की योजना बना रहे तीन लड़कों को मार गिराया है।

आईडीएफ ने शन‍िवार को गाजा सिटी इलाके में एक कार्रवाई की, जिसमें 'आर्मी ऑफ इस्लाम' संगठन के अला इमाद खामिस तरामसी और पीआईजे संगठन के हसन इब्राहिम शहादा कहमान को मार गिराया गया।

आईडीएफ ने बताया क‍ि पिछले सप्ताह उत्तरी गाजा में की गई एक अन्य कार्रवाई में हमास के जबालिया बटालियन से जुड़े लड़ाके अहमद हदारी को भी मार गिराया गया।

आईडीएफ ने कहा क‍ि इन तीनों पर आईडीएफ सैनिकों और इजराइली नागरिकों के खिलाफ हमलों की योजना बनाने का आरोप था। खतरे को खत्म करने के लिए इन्हें निशाना बनाया गया।

आईडीएफ ने कहा क‍ि दक्षिणी कमान (सदर्न कमांड) के तहत आईडीएफ की सेनाएं समझौते के अनुसार इलाके में तैनात हैं और किसी भी खतरे को खत्म करने के लिए अपनी कार्रवाई जारी रखेंगी।

इससे पहले बीते गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था क‍ि हमास के पूर्ण निशस्त्रीकरण (हथियार सरेंडर) और गाजा पट्टी से इजरायली सेना की चरणबद्ध वापसी को लेकर ऐतिहासिक समझौता हुआ है।

ट्रंप के मुताबिक, सभी पक्षों की औपचारिक मंजूरी मिलने के 14 दिनों के भीतर इस समझौते को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। हमास ने भी इस समझौते पर सहमति जताई है। हालांकि, उसने इसके लिए इजरायल से कुछ शर्तें पूरी करने की बात कही है।

समझौते के तहत हमास एक चरणबद्ध प्रक्रिया के तहत अपने सभी हथियार एक अंतरराष्ट्रीय स्टेबिलाइजेशन फोर्स को सौंपेगा। करीब 5,000 सदस्यीय इस बल की निगरानी एक अमेरिकी जनरल करेंगे।

ट्रंप के अनुसार, फिलिस्तीनी इलाके में स्थायी शांति और सुरक्षा की दिशा के लिए जरूरी था। यह घोषणा अमेरिका की मध्यस्थता में हमास और इजरायल के बीच हुए संघर्ष विराम समझौते के कई महीनों बाद की गई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Aug 2026 9:51 PM IST

Tags

Next Story