घर से बाहर खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद का रिकॉर्ड खराब रहा है चेतेश्वर पुजारा

नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से हो रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को अपने घर से बाहर होने वाले मुकाबलों में आ रही मुश्किलों पर ध्यान देने की जरूरत है। आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अपने अभियान का आगाज 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ करेगी।
पुजारा ने बताया कि एसआरएच ने अक्सर हैदराबाद में अपने घरेलू मैदान पर बड़े स्कोर बनाए हैं। हालांकि, टीम को दूसरे मैदानों पर खेलते समय बड़े टोटल तक पहुंचने में दिक्कत होती है।
पुजारा ने कहा कि विपक्षी टीमों ने सनराइजर्स हैदराबाद के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाजों पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता को पहचानना शुरू कर दिया है, और इसके कारण ही टीम घर से बाहर होने वाले मुकाबलों में बड़ा स्कोर नहीं बना पा रही है।
पुजारा ने 'जियोहॉटस्टार' से कहा, "सनराइजर्स हैदराबाद एक बहुत ही खतरनाक टीम है और जब वह अपने घर पर खेलते हैं तो बहुत सारे रन बनाते हैं। हालांकि, घर से बाहर उनका रिकॉर्ड बहुत खराब है। जब वह घर से बाहर मैच खेलते हैं, तो वह अपने खतरनाक बैटिंग के इरादे को बनाए रखने में नाकाम रहते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि सभी टीमें जानती हैं कि एसआरएच बड़े स्कोर बनाने के लिए अपनी बैटिंग की ताकत पर निर्भर रहती है। अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासन उनके मुख्य बल्लेबाज हैं। एक बार जब वे आउट हो जाते हैं, तो सनराइजर्स हैदराबाद को आगे बढ़ने में मुश्किल होती है। यहीं पर विरोधी टीमें फायदा उठाती हैं और उन्हें बड़े स्कोर बनाने से रोकती हैं। यह कुछ ऐसा है, जिस पर उन्हें काम करना होगा।"
पुजारा ने अभिषेक और ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी की भी तारीफ की और उन्हें लीग की सबसे खतरनाक जोड़ियों में से एक बताया। उन्होंने कहा, "पिछले कुछ सीजन में हमने सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर्स अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड को जिस तरह से बल्लेबाजी करते हुए देखा है, उसके बाद मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि वह आईपीएल के इतिहास की सबसे खतरनाक ओपनिंग जोड़ियों में से एक हैं। दोनों ऐसे बल्लेबाज हैं, जो पहली गेंद से ही हमला करना जानते हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने पिछले कुछ सीजन में इन दोनों की बदौलत लगातार 250 रन का आंकड़ा पार किया है। आईपीएल में किसी भी दूसरी टीम ने लगातार ऐसा नहीं किया है। यह सिर्फ इन दो ओपनर्स की वजह से है। गेंद को मैदान के हर कोने में मारना और ऐसा नियमित रूप से करना ही उन्हें खास बनाता है।"
उन्होंने कहा कि हम जब आईपीएल में आक्रामक ओपनिंग जोड़ियों की बात करते हैं, तो क्रिस गेल और विराट कोहली की जोड़ी सबसे पहले दिमाग में आती है। हालांकि, हेड और अभिषेक की यह जोड़ी तो और भी ज्यादा खतरनाक है। कोई भी गेंदबाज अभिषेक और हेड जैसी ओपनिंग जोड़ी के सामने गेंदबाजी नहीं करना चाहेगा। पिछले सीजन हैदराबाद टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। टीम 14 में से सिर्फ 6 मुकाबलों में ही जीत दर्ज कर सकी थी। सनराइजर्स हैदराबाद ने छठे स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 March 2026 7:23 PM IST











