पुणे में गोवर्धन पहाट दीवाली 2025 का भव्य आयोजन, हजारों पुणेकर बने साक्षी

पुणे में गोवर्धन पहाट दीवाली 2025 का भव्य आयोजन, हजारों पुणेकर बने साक्षी
पुणे के सारसबाग में गोवर्धन पहाट दीपावली 2025 का भव्य आयोजन हुआ।

पुणे, 22 अक्टूबर ( आईएएनएस)। पुणे के सारसबाग में गोवर्धन पहाट दीपावली 2025 का भव्य आयोजन हुआ।

हर साल की तरह इस बार भी सुबह 5 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में हजारों पुणेकरों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ हिस्सा लिया। परंपरा और सांस्कृतिक रंगों से सजा यह आयोजन शहरवासियों के लिए यादगार रहा।

दीपावली की सुबह का माहौल सांस्कृतिक प्रदर्शनों से और भी खास हो गया। मिलाप सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिंदी और मराठी गीतों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा, मर्दानी खेलों के प्रदर्शन और पारंपरिक नृत्यों ने सभी का ध्यान खींचा। मंच पर लोककलाओं की शानदार प्रस्तुति ने वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर आयु वर्ग के लोग इस सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बने।

आयोजन की सबसे आकर्षक बात रही रंग-बिरंगी आतिशबाजी। सारसबाग के आसमान को रोशनी से जगमगाने वाली इस आतिशबाजी ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोग इस खूबसूरत नजारे का आनंद लेते हुए एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते नजर आए। परिवार और दोस्तों के साथ इस पल को साझा करते हुए पुणेकरों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

सुरक्षा के लिहाज से पुणे पुलिस ने कड़े इंतजाम किए थे। भीड़ को नियंत्रित करने और आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने कोई कसर नहीं छोड़ी। आयोजकों ने भी स्वच्छता और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा, जिससे सभी को सुरक्षित और आनंदमय अनुभव मिला।

इसमें शामिल हुए लोगों का कहना है कि यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण था, बल्कि इसने पुणे की एकता और उत्साह को भी दर्शाया। गोवर्धन पहाट ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुणे की सांस्कृतिक धरोहर और उत्सवों का उत्साह बरकरार है। इस आयोजन ने पुणेकरों को एकजुट होकर दीपावली की खुशियां मनाने का मौका दिया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Oct 2025 11:59 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story