पश्चिम एशिया तनाव के बीच सरकार का बड़ा अपडेट एलपीजी सप्लाई सामान्य, 98 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन; करीब 4.32 लाख नए पीएनजी कनेक्शन सक्रिय

पश्चिम एशिया तनाव के बीच सरकार का बड़ा अपडेट एलपीजी सप्लाई सामान्य, 98 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन; करीब 4.32 लाख नए पीएनजी कनेक्शन सक्रिय
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार ने ईंधन आपूर्ति को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य बनी हुई है, और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच केंद्र सरकार ने ईंधन आपूर्ति को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य बनी हुई है, और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

सोमवार को एक आधिकारिक बयान में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि अब पूरे उद्योग में करीब 98 प्रतिशत एलपीजी बुकिंग ऑनलाइन माध्यम से हो रही है, जिससे वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी और सुगम बनी है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य है और रविवार को भी अधिकांश डिस्ट्रीब्यूटर खुले रहे ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।

सरकार ने बताया कि मार्च 2026 से अब तक देश भर में 1.28 लाख से ज्यादा छापेमारी की गई है, जिसमें 59,000 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके साथ ही 1,000 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गईं और 238 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई जारी है।

सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की अनावश्यक खरीद से बचें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। साथ ही लोगों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए एलपीजी बुकिंग करने और ऊर्जा बचाने की भी सलाह दी गई है। सरकार ने पीएनजी, इलेक्ट्रिक और इंडक्शन कुकटॉप जैसे वैकल्पिक ईंधनों के उपयोग को भी बढ़ावा देने की बात कही है।

ईंधन आपूर्ति की स्थिति पर सरकार ने भरोसा दिलाया कि घरेलू एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी की 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वहीं, कमर्शियल एलपीजी में अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, फार्मा, स्टील और कृषि जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलो वाले सिलेंडर की सप्लाई भी बढ़ाई गई है।

सरकार ने बताया कि रिफाइनरी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। घरेलू एलपीजी उत्पादन भी बढ़ाया गया है ताकि मांग को पूरा किया जा सके। साथ ही सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 10 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी घटाकर उपभोक्ताओं को राहत देने का कदम उठाया है।

प्राकृतिक गैस के क्षेत्र में भी तेजी देखी जा रही है। मार्च 2026 से अब तक करीब 4.32 लाख नए पीएनजी कनेक्शन सक्रिय किए गए हैं और 4.75 लाख से ज्यादा नए उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है। 31,700 से अधिक उपभोक्ताओं ने एलपीजी छोड़कर पीएनजी अपनाया है, जो स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 April 2026 8:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story