वैश्विक ऊर्जा संकट के दौरान सरकार की सक्रिय कूटनीति और समन्वित प्रयासों के चलते देश में ईंधन की उपलब्धता प्रभावित नहीं हुई बीपीसीएल के पूर्व मार्केटिंग डायरेक्टर
नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के पूर्व मार्केटिंग डायरेक्टर सुखमल कुमार जैन ने बुधवार को कहा कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा आज केवल एक नीति नहीं, बल्कि एक मजबूत व्यवस्था है। पिछले वर्षों में सरकार ने कच्चे तेल के आयात स्रोतों में विविधता लाई, रिफाइनिंग क्षमता बढ़ाई, रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार विकसित किए और सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के साथ मजबूत समन्वय स्थापित किया। वैश्विक ऊर्जा संकट के दौरान लगातार निगरानी, वैकल्पिक आपूर्ति व्यवस्था और समय पर निर्णयों के चलते देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता प्रभावित नहीं हुई।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में बीपीसीएल के पूर्व मार्केटिंग डायरेक्टर सुखमल कुमार जैन ने कहा कि भारत ने अपने सभी अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ लगातार संवाद बनाए रखा। विदेश मंत्रालय, पेट्रोलियम मंत्रालय, शिपिंग एजेंसियों और तेल कंपनियों के बीच निरंतर समन्वय रहा। भारत का उद्देश्य केवल इतना था कि ऊर्जा आपूर्ति बाधित न हो। इसी सक्रिय कूटनीति और समन्वित प्रयासों के कारण एलपीजी कार्गो सुरक्षित रूप से भारत पहुंचते रहे।
कुमार जैन ने आगे कहा कि यह समन्वय इस पूरी सफलता की सबसे बड़ी ताकत रहा। मंत्रालय, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, गैस कंपनियों और राज्य सरकारों के बीच लगातार समीक्षा बैठकों के जरिए हर स्थिति पर नजर रखी गई। पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा गया और जनता तक सही जानकारी पहुंचाई गई, जिससे कहीं भी घबराहट या अनावश्यक खरीदारी की स्थिति नहीं बनी।
जैन ने आईएएनएस से कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने रिफाइनरियों के आधुनिकीकरण, पाइपलाइन नेटवर्क, एलएनजी टर्मिनलों, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन और रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार पर बड़े पैमाने पर निवेश किया है। यही मजबूत आधार संकट के समय काम आया। आज भारत पहले की तुलना में कहीं अधिक सक्षम, लचीला और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से मजबूत स्थिति में है।
बीपीसीएल के पूर्व मार्केटिंग डायरेक्टर ने आगे बताया कि यदि किसी एक क्षेत्र में संकट आता है तो विविध स्रोत होने से जोखिम काफी कम हो जाता है। भारत आज 40 से अधिक देशों से कच्चा तेल खरीदता है। यह रणनीति ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करती है और किसी एक मार्ग या एक क्षेत्र पर निर्भरता कम करती है।
इस बीच, बुधवार को नायरा द्वारा पेट्रोल के दाम 5 रुपए और डीजल के रेट 3 रुपए घटाए जाने का ग्राहकों ने स्वागत किया और इस फैसले की प्रशंसा की। ग्राहकों ने कहा कि नायरा के इस फैसले के बाद यात्रियों और वाहन चालकों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
अहमदाबाद के ग्राहक दीपक रोचवानी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि सरकार और नायरा ने मिलकर जो ये फैसला लिया है, इससे डेली यूजर्स जैसे उबर, रैपिडो, स्विगी जैसे प्लेटफार्मों पर काम करने वाले लोगों को काफी बेनेफिट्स मिलेगा और उनके लिए यह काफी अच्छा समाचार है।
वहीं, एक अन्य ग्राहक कल्पेश भाई तावनी ने आईएएनएस से कहा कि ग्राहकों के हित में यह एक अच्छा कदम है। एक अन्य ग्राहक मर्गेश सुतारिया ने कहा कि पेट्रोल-डीजल का रेट कम होने से हम बहुत खुश हैं और यहां पर सही ग्राहक बहुत खुश हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 July 2026 7:18 PM IST












