ग्रेटर नोएडा ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर कर्मचारियों से भरी बस पलटी, 14 घायल
ग्रेटर नोएडा, 22 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में शनिवार को ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर कंपनी कर्मचारियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। बस में करीब 28 से 30 कर्मचारी सवार थे, जिनमें से 14 लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार 22 अगस्त को निजी कंपनी की बस कासना की ओर से दादरी की तरफ जा रही थी। बस में कंपनी के लगभग 28 से 30 कर्मचारी सवार थे। जैसे ही बस ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर मायचा क्षेत्र के पास पहुंची, उसी दौरान बस के आगे चल रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक स्टीयरिंग अधिक मोड़ दिया। इससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। बस पलटते ही उसमें सवार कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में कुल 14 कर्मचारी घायल बताए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही दादरी थाना पुलिस की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे और घायल यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए जिम्स अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है और फिलहाल कोई जनहानि नहीं हुई है। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी संभाली, ताकि राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कोई अन्य दुर्घटना न हो। हादसे के कारण ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ और सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।
पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया गया। क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली जा रही है। बस को हटाए जाने के बाद यातायात को सामान्य रूप से संचालित कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आगे चल रहे वाहन को बचाने के दौरान चालक द्वारा स्टीयरिंग अधिक मोड़ने से बस अनियंत्रित हुई और पलट गई। पुलिस द्वारा घटना से संबंधित अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Aug 2026 9:57 PM IST












