गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल और डिप्टी सीएम हर्ष संघवी के बारे में फर्जी पोस्ट करने वाले के खिलाफ एफआईआर

गुजरात सीएम भूपेंद्र पटेल और डिप्टी सीएम हर्ष संघवी के बारे में फर्जी पोस्ट करने वाले के खिलाफ एफआईआर
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की प्रतिष्ठा तथा मुख्यमंत्री पद की संवैधानिक गरिमा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कथित रूप से भ्रामक और फर्जी पोस्ट करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज किया है।

अहमदाबाद, 22 अगस्त (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की प्रतिष्ठा तथा मुख्यमंत्री पद की संवैधानिक गरिमा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कथित रूप से भ्रामक और फर्जी पोस्ट करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज किया है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, सीएम भूपेंद्र पटेल और डिप्टी सीएम हर्ष संघवी की छवि को नुकसान पहुंचाने तथा लोगों में भ्रम फैलाने के उद्देश्य से एक कथित आपराधिक साजिश के तहत सोशल मीडिया पर झूठी जानकारी प्रसारित की गई।

जांच के अनुसार, पवन त्यागी नाम से 'एक्स' अकाउंट से एक पोस्ट साझा की गई, जिसमें दावा किया गया था कि उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को राज्यपाल नियुक्त किया जाएगा।

पोस्ट में लिखा गया था, "बड़ी ब्रेकिंग न्यूज, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी को गुजरात का सीएम बनाया जाएगा। सीएम भूपेंद्र भाई पटेल को राज्यपाल बनाया जाएगा।"

पुलिस का कहना है कि यह जानकारी पूरी तरह भ्रामक, असत्य और मनगढ़ंत पाई गई। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 336(4), 353(1), 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धारा 66(डी) के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी पोस्ट किस उद्देश्य से साझा की गई थी तथा इसके पीछे कोई संगठित साजिश तो नहीं है।

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर विश्वास नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने, भ्रम पैदा करने या जनप्रतिनिधियों एवं संवैधानिक पदों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली फर्जी पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 Aug 2026 10:18 PM IST

Tags

Next Story