ग्रेटर नोएडा के फ्लैट में मिला लाखों रुपये के अवैध पटाखों का जखीरा, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा, 9 सितंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी इलाके में एक फ्लैट के अंदर बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे रखे मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फ्लैट में छापेमारी की और करीब तीन लाख रुपये कीमत के अवैध पटाखे बरामद किए। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद पटाखों को कई टेंपो में लादकर मौके से हटाया गया।
बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एक फ्लैट के अंदर रखे जाने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को थाना बिसरख पुलिस को स्थानीय इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के माध्यम से जानकारी मिली थी कि शाहबेरी क्षेत्र में एक फ्लैट के अंदर अवैध तरीके से पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने नागौरी-1, बालाजी एन्क्लेव, शाहबेरी में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान फ्लैट के अंदर बड़ी संख्या में बम-पटाखों के कार्टन रखे मिले। मौके पर भारी मात्रा में पटाखे मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के स्तर पर कार्रवाई तेज की गई। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। फ्लैट के अंदर रखे पटाखों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर कई टेंपो में लादकर वहां से हटाया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे फ्लैट के अंदर कैसे पहुंचाए गए और इनके भंडारण के लिए किसी तरह की अनुमति ली गई थी या नहीं।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि रिहायशी इलाके में स्थित फ्लैट के अंदर करीब तीन लाख रुपये कीमत के पटाखों का भंडारण किस उद्देश्य से किया जा रहा था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या संबंधित फ्लैट को अवैध रूप से पटाखों के गोदाम के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। रिहायशी इमारत में इतनी बड़ी मात्रा में ज्वलनशील और विस्फोटक सामग्री रखे जाने से आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने मामले में आरोपी नितिन गर्ग पुत्र मुकेश कुमार गर्ग को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 39 वर्ष है और वह नागौरी-1, बालाजी एन्क्लेव, शाहबेरी का निवासी है। उसका मूल निवास कस्बा जहांगीराबाद, बुलंदशहर बताया गया है। बिसरख पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब बरामद पटाखों के स्रोत, उनके खरीदे जाने, भंडारण और संभावित बिक्री से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति तो शामिल नहीं था। पुलिस यह भी जांच करेगी कि पटाखों की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इन्हें आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Sept 2026 4:16 PM IST












