बड़ामलहरा न्यूज: जिला अस्पताल में गंदगी पर कलेक्टर खफा

ओपीडी में अनुपस्थित मिले डाक्टरों को नोटिस

डिजिटल डेस्क बड़ामलहरा/छतरपुर जिला अस्पताल में गंदगी देखकर कलेक्टर बेहद खफा हो गये वहीं ओपीडी में नामौजूद मिले डॉक्टर को नोटिस जारी किए हैं। कलेक्टर मृणाल मीणा ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, व्यवस्थाओं और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया तथा सुबह की ओपीडी में चिकित्सकों की उपस्थिति की जांच की। निरीक्षण के दौरान डॉ. संजना रॉबिन्सन (सर्जरी), डॉ. बद्री पटेल (सर्जरी), डॉ. ओज दोसाज (हड्डी रोग), डॉ. निधि खरे (स्त्री रोग एवं प्रसूति) एवं डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी (रेस्पिरेटरी मेडिसिन) अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने अनुपस्थित चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मीणा ने चिकित्सकों एवं नर्सों के ड्यूटी रोस्टर की भी जानकारी ली। ड्यूटी रोस्टर प्रदर्शित नहीं होने पर उन्होंने तत्काल रोस्टर को निर्धारित स्थान पर डिस्प्ले करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों एवं उनके परिजनों को ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक एवं स्टाफ की जानकारी आसानी से मिल सके। उन्होंने चिकित्सकों एवं नर्सों की उपस्थिति की बायोमैट्रिक मशीन के माध्यम से भी जांच की। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक प्राथमिकता से बायोमैट्रिक प्रणाली में अपनी उपस्थिति दर्ज करें और उपस्थिति व्यवस्था का नियमित रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एएनसी क्लीनिक में पहुंचकर गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद करते हुए चेकअप में लगने वाले समय, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

अस्पताल परिसर में गंदगी होने पर कृष्ण सिक्योरिटी सर्विसेज पर पेनाल्टी अधिरोपित करने के निर्देश

अस्पताल परिसर में गंदगी फैलाने पर लगेगा जुर्माना

कलेक्टर श्री मीणा ने जिला अस्पताल परिसर में गंदगी पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर कृष्ण सिक्योरिटी सर्विसेज पर पेनाल्टी अधिरोपित करने के निर्देश दिए है। साथ ही अस्पताल परिसर में गंदगी फैलाने वाले लोगों के विरुद्ध भी जुर्माना लगाने की कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए है।


Created On :   9 Sept 2026 4:47 PM IST

Tags

Next Story