Diamond-Gold Mine: छतरपुर के अंगीरा ब्लाॅक में हीरे की खोज और खदान नीलामी पर रोक नहीं, हीरे की 2 और सोने की 3 खदानें होंगी नीलाम

छतरपुर के अंगीरा ब्लाॅक में हीरे की खोज और खदान नीलामी पर रोक नहीं, हीरे की 2 और सोने की 3 खदानें होंगी नीलाम
मध्य प्रदेश खनिज विभाग इस साल हीरे की दो और सोने की तीन खदानें नीलाम करेगा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश खनिज विभाग इस साल हीरे की दो और सोने की तीन खदानें नीलाम करेगा। खनिज विभाग के खदाने नीलामी कैलेण्डर के अनुसार, छतरपुर जिले में अंगीरा बी के डेढ़ हेक्टेयर और अंगीरा ए एण्ड बी ब्लाॅक के 2.3 हेक्टेयर क्षेत्र की हीरे की खदानें नीलाम होंगी। जबकि सिंगरौली जिले के परमा ब्लाॅक के 133 हैक्टैयर, पडरिया-नवानगर ब्लाक के 18 हेक्टेयर और बालाघाट जिले के जमटोला खांडापर ब्लाॅक की 96.62 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थित सोने की खदानें भी नीलाम की जायेंगी। सिंगरौली जिले के पडरिया-नवानगर ब्लाक में अदाणी ग्रुप की माइनिंग टेक कंस्लटेंसी सर्विसेस लिमिटेड कंपनी सोने की खोज कर रहा है, जबकि शेष सभी खदानों की खोज केंद्र सरकार की मिनरल एक्सप्लोरेशन एण्ड कंस्लटेंसी लिमिटेड कर रहा है।

खनिज विभाग के अवर सचिव प्रकाश पेन्द्रे ने बताया कि मुख्य खनिजों की इस वर्ष नीलामी के लिए कैलेण्डर तैयार किया गया है। इस पर कार्यवाही चल रही है। खनिज संचालनालय के सुपरिन्टेंडेंट जियोलॉजिस्ट केपी दिनकर ने बताया कि छतरपुर जिले के अंगीरा ब्लाक में हीरे की खोज और और उसकी नीलामी पर कोई विधिक रोक नहीं है और पूर्वेक्षण रिपोर्ट आने के बाद इस खदान को नीलाम किया जायेगा।

चार जिलों में लीज मैनेजमेंट सिस्टम लागू

खनिज विभाग ने प्रदेश के चार जिलों जबलपुर, भोपाल, रायसेन और सीहोर में ई-खनिज 2.0 अंतर्गत लीज मैनेजमेंट सिस्टम लागू कर दिया है। अब चारों जिलों में उत्खनन पट्टा एवं क्वारी परमिट के लिए आवेदन केवल ई-खनिज 2.0 पोर्टल के माध्यम से ही किए जा सकेंगे।

Created On :   1 July 2026 10:54 PM IST

Tags

Next Story