ग्रीन गेंदबाजी नहीं कर रहे, तो अतिरिक्त बल्लेबाज को खिलाना सही सुनील गावस्कर

मुंबई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन गेंदबाजी न करने की वजह से चर्चा का विषय बने हुए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत गेंदबाजी से रोक रखा है। इसके चलते केकेआर का टीम संतुलन प्रभावित हो रहा है और भारत के कई पूर्व खिलाड़ियों ने इस मामले पर अपनी राय दी है।
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे और पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर के बाद अब भारत के पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भी सुझाव दिया है कि टीम को संतुलन बनाए रखने के लिए कैमरून ग्रीन की जगह पर केकेआर को किसी और स्पेशलिस्ट खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में शामिल करना चाहिए। केकेआर ने ऑक्शन में ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन वह शुरुआती दो मुकाबलों में गेंदबाजी करते नजर नहीं आए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया है कि ग्रीन पीठ की इंजरी से उबर रहे हैं और वह इस कारण वह टूर्नामेंट के शुरुआती 10 से 12 दिनों में गेंदबाजी नहीं कर पाएंगे।
गावस्कर ने कहा कि अगर ग्रीन गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं, तो टीम को कॉम्बिनेशन पर ध्यान देना होगा और संभव है कि किसी अन्य स्पेशलिस्ट बल्लेबाज या गेंदबाज को टीम में जगह दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रीन अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं, लेकिन हाल में उनका फॉर्म भी कुछ खास नहीं रहा है। जाफर ने कहा कि निजी टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का उपयोग पूरी तरह फ्रेंचाइजी के नियंत्रण में होना चाहिए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा कि अगर खिलाड़ी को खरीदा गया है, तो उसकी पूरी क्षमताओं का इस्तेमाल न करना फ्रेंचाइजी के साथ नाइंसाफी है।
अजिंक्य रहाणे से पहले मुकाबले में मिली हार के बाद जब ग्रीन के गेंदबाजी न करने का कारण पूछा गया था, तो उन्होंने इसका जवाब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मांगने की सलाह दी थी। इसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया था कि ग्रीन पीठ की इंजरी से जूझ रहे हैं और वह शुरुआती तीन से चार मुकाबलों में गेंदबाजी नहीं कर पाएंगे। हालांकि, ग्रीन प्रैक्टिस सेशन में गेंदबाजी कर रहे हैं, जिससे उम्मीद है कि वह जल्द ही पूरी तरह से ऑलराउंडर की भूमिका निभा सकते हैं। बल्लेबाजी में उनका प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। मुंबई के खिलाफ वह सिर्फ 18 रन और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2 रन बनाकर रन आउट हुए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 April 2026 11:46 PM IST












