गुजरात के बनासकांठा में हाईवे अपग्रेड को मंजूरी, 451 करोड़ की लागत से एनएच-168ए बनेगा फोरलेन नितिन गडकरी

गुजरात के बनासकांठा में हाईवे अपग्रेड को मंजूरी, 451 करोड़ की लागत से एनएच-168ए बनेगा फोरलेन नितिन गडकरी
केंद्र सरकार भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के माध्यम से, देश के राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित, आधुनिक और विश्व स्तरीय बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

गुजरात, 17 मार्च (आईएएनएस)। केंद्र सरकार भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के माध्यम से, देश के राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित, आधुनिक और विश्व स्तरीय बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

इसी बीच, केंद्र सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि गुजरात के बनासकांठा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-168ए के थावर-जेरदा खंड को फोरलेन में अपग्रेड करने के लिए 451.49 करोड़ रुपए की लागत को मंजूरी दी गई है।

उन्होंने आगे कहा, "गुजरात के बनासकांठा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-168ए के थावर-जेरदा (लंबाई 22.45 किमी) खंड के फोरलेन में उन्नयन के लिए 451.49 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है।"

उन्होंने बताया, "प्रस्तावित खंड धनेरा कस्बे से होकर गुजरता है और डीसा के पास झेरदा गांव से जुड़ता है। यह खंड राष्ट्रीय राजमार्ग-168 और राज्य राजमार्ग-7 के माध्यम से राजस्थान के सिरोही और पाली की ओर जाने वाले यातायात को सुगम बनाता है। यहां स्थानीय यातायात की मात्रा अधिक रहती है।"

उन्होंने आगे लिखा, "वर्तमान में मौजूदा सड़क पर विशेष रूप से धनेरा में भारी भीड़भाड़ रहती है, इसलिए धनेरा में 5.5 मीटर सर्विस रोड के पुनर्निर्माण के साथ इसे फोरलेन में अपग्रेड करने से भीड़भाड़ कम होगी, सड़क सुरक्षा में सुधार होगा, यातायात की गति बढ़ेगी और यात्रा का समय कम होगा।"

इससे पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बीते शनिवार को 'एक्स' पर ही एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी थी कि राजस्थान के जयपुर और अजमेर जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के जयपुर-किशनगढ़ (लंबाई 89.785 किमी) खंड के फ्लाईओवर और सर्विस रोड के निर्माण सहित सिक्स लेन उन्नयन के लिए 910.90 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा था, "इस कॉरिडोर को आंशिक रूप से एक्सेस-कंट्रोल्ड राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे वाहनों की औसत गति बढ़ाने और यात्रा समय को मौजूदा 2 घंटे से लगभग 1 घंटे कम करने में मदद मिलेगी। स्थानीय यातायात का पृथक्करण, दोनों ओर सर्विस रोड और फ्लाईओवर का प्रावधान सुरक्षा बढ़ाने में भी सहायक होगा। दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मृत्यु की संख्या को कम करने के लिए इस खंड पर मौजूदा टकराव बिंदुओं का भी समाधान किया जाएगा।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 March 2026 9:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story