हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पर नेताओं ने जताई खुशी, भाजपा पर लगाया खरीद फरोख्त का आरोप
नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पर पार्टी नेताओं ने खुशी जताते हुए इसे लोकतंत्र की जीत बताया, वहीं भाजपा पर हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप भी लगाया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने हरियाणा में पार्टी की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वह उन सभी विधायकों को धन्यवाद देना चाहती हैं, जिन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी को पहले से ही जीत का भरोसा था और उसी विश्वास के साथ चुनाव लड़ा गया।
वहीं, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस जीत को हरियाणा की जनता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि आज का दिन हरियाणा के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है और हर नागरिक बधाई का पात्र है। हुड्डा ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्यसभा सीट हासिल करने के लिए हर प्रकार के हथकंडे अपनाए गए और इस तरह की अनैतिक राजनीति पहले कभी नहीं देखी गई।
उन्होंने दावा किया कि साम, दाम, दंड और भेद जैसी रणनीतियों का इस्तेमाल किया गया तथा खरीद-फरोख्त की कोशिशों को कांग्रेस ने नाकाम किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब यह प्रयास विफल हो गए तो रात के अंधेरे में लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई और कांग्रेस के चार वैध वोटों को अवैध घोषित किया गया। हुड्डा ने कहा कि यह लड़ाई यहीं खत्म नहीं होगी और पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी, ताकि प्रदेश और देश के लोग इस पर गंभीरता से विचार कर सकें।
दूसरी ओर भाजपा सांसद दर्शन सिंह ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास ठोस मुद्दों की कमी है, इसलिए वह इस तरह के आरोप लगाता रहता है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा का मजबूत संगठन, कैडर और पीएम मोदी के नेतृत्व में जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह जीत भविष्य की दिशा तय करने वाली है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ते हुए 2027 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करेगा।
इसी बीच कर्नाटक के मंत्री प्रियंक खरगे द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर दिए गए बयान को लेकर भी सियासत गरमा गई है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए दर्शन सिंह ने कहा कि प्रियंक खरगे को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि आरएसएस एक समर्पित संगठन है और उसके कार्यकर्ताओं जैसी निष्ठा किसी अन्य संगठन में देखने को नहीं मिलती।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 9:46 PM IST












