'सरके चुनर तेरी सरके' गाने पर एनसीडब्ल्यू को मिली शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग

सरके चुनर तेरी सरके गाने पर एनसीडब्ल्यू को मिली शिकायत, सख्त कार्रवाई की मांग
राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) को हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' के खिलाफ एक तीखी शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायतकर्ता ने इस गाने को अत्यंत अश्लील, आपत्तिजनक और महिलाओं की गरिमा के प्रति घोर अपमानजनक बताया है।

नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) को हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' के खिलाफ एक तीखी शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायतकर्ता ने इस गाने को अत्यंत अश्लील, आपत्तिजनक और महिलाओं की गरिमा के प्रति घोर अपमानजनक बताया है।

फिल्म में नोरा फतेही और संजय दत्त मुख्य भूमिकाओं में हैं, और यह गाना हिंदी और मूल कन्नड़ संस्करण दोनों में उपलब्ध है।

शिकायत में कहा गया है कि गाने के बोल शिष्टता की सभी सीमाओं को लांघते हैं और महिलाओं को केवल वस्तु के रूप में पेश करते हैं। यह सामग्री मनोरंजन के नाम पर समाज में महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच को बढ़ावा दे रही है।

शिकायतकर्ता ने चिंता जताई कि ऐसे गाने युवा पीढ़ी के मन पर गहरा नकारात्मक प्रभाव डालते हैं, जिससे महिलाओं के प्रति वस्तुकरण की मानसिकता सामान्य हो रही है। यह हमारे सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों के पतन का स्पष्ट संकेत है। शिकायतकर्ता ने राष्ट्रीय महिला आयोग से तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में जोर दिया गया है कि यह केवल एक गाने का मुद्दा नहीं, बल्कि महिलाओं की गरिमा, समाज के नैतिक वातावरण और युवा पीढ़ी की सुरक्षा का सवाल है। ऐसी सामग्री को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

शिकायतकर्ता ने उम्मीद जताई है कि एनसीडब्ल्यू इस मामले में तेजी से हस्तक्षेप करेगा और एक मजबूत मिसाल कायम करेगा, ताकि भविष्य में फिल्म उद्योग में महिलाओं के सम्मान को लेकर अधिक संवेदनशीलता बरती जाए।

यह शिकायत ऐसे समय में आई है जब पहले ही फिल्म 'केडी : द डेविल' के एक अन्य गाने पर राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने संज्ञान लिया था। दोनों मामलों में अश्लीलता और बच्चों-युवाओं पर प्रभाव को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है। एनसीडब्ल्यू से अपेक्षा की गई है कि वह इस शिकायत पर त्वरित जांच शुरू कर कार्रवाई रिपोर्ट तैयार करे और संबंधित पक्षों को नोटिस जारी करे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 March 2026 10:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story