गुजरात में ‘ऑपरेशन हेल्थ’ के तहत खाद्य विभाग की राज्यव्यापी कार्रवाई, 1,477 स्थानों पर जांच

अहमदाबाद, 26 नवंबर (आईएएनएस)। गुजरात में नागरिकों को शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया के मार्गदर्शन में खाद्य व औषधि विभाग की ओर से ‘ऑपरेशन हेल्थ’ के तहत राज्यव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट इकाइयों के साथ राज्य के प्रमुख हाईवे पर स्थित होटलों सहित कुल 1,477 स्थानों पर सघन जांच की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि आइसक्रीम और फ्रोजन डेजर्ट से जुड़ी 786 इकाइयों की जांच में 590 इकाइयों में केवल आइसक्रीम, 32 में केवल फ्रोजन डेजर्ट और 164 इकाइयों में दोनों उत्पादों की बिक्री होती पाई गई। ग्राहकों को गुमराह होने से बचाने और सही जानकारी देने के लिए संबंधित इकाइयों में अनिवार्य रूप से सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आइसक्रीम के नाम पर फ्रोजन डेजर्ट नहीं बेचा जा सके।
वहीं, राज्य के प्रमुख हाईवे पर स्थित 691 होटलों की जांच में 175 होटलों के रसोईघरों में गंदगी, अस्वच्छता और अस्वास्थ्यकर तरीके से भोजन परोसे जाने की खामियां सामने आईं। इन सभी होटलों को नोटिस जारी किए गए, जिसके बाद संचालकों ने सफाई और आवश्यक सुधार के लिए अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। इसके अलावा, अन्य 516 होटलों को भी खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत सुधार करने के निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान 14 होटलों से संदिग्ध और अस्वास्थ्यकर खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट किया गया तथा नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। नमूने फेल होने या गंभीर खामियां मिलने पर संबंधित होटल संचालकों के खिलाफ अदालत में मामला दर्ज करने और जरूरत पड़ने पर होटल को स्थायी रूप से सील करने तक की कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने स्पष्ट किया कि होटल, रेस्टोरेंट और विद्यार्थियों के हॉस्टलों की रसोई में स्वच्छता बनाए रखना अनिवार्य है। खाद्य प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों और वेटरों को हैंड ग्लव्स और सिर पर कैप पहनना होगा तथा खाद्य सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करना होगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी होटल या खाद्य प्रतिष्ठान में अस्वास्थ्यकर भोजन परोसे जाने अथवा फूड पॉइजनिंग की घटना होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संचालक की होगी। मंत्री ने नागरिकों से भी अपील की कि वे भोजन की गुणवत्ता और रसोई की स्वच्छता को लेकर जागरूक रहें तथा कहीं भी गंदगी या लापरवाही दिखाई देने पर खाद्य एवं औषधि विभाग के जिला कार्यालय में शिकायत करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
