जनवरी 2027 में पाकिस्तान के ऐतिहासिक दौरे पर जाएगी आयरलैंड टीम, लाहौर करेगा छह वनडे मैचों की मेजबानी

जनवरी 2027 में पाकिस्तान के ऐतिहासिक दौरे पर जाएगी आयरलैंड टीम, लाहौर करेगा छह वनडे मैचों की मेजबानी
आयरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम जनवरी 2027 में पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी। क्रिकेट आयरलैंड ने फरवरी में होने वाले आईसीसी वर्ल्ड कप 2027 क्वालीफायर की तैयारियों के तहत पाकिस्तान में छह मैचों की वनडे सीरीज खेलने की घोषणा की है।

डबलिन, 26 नवंबर (आईएएनएस)। आयरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम जनवरी 2027 में पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी। क्रिकेट आयरलैंड ने फरवरी में होने वाले आईसीसी वर्ल्ड कप 2027 क्वालीफायर की तैयारियों के तहत पाकिस्तान में छह मैचों की वनडे सीरीज खेलने की घोषणा की है।

13 से 24 जनवरी तक चलने वाले इस दौरे में आयरलैंड की टीम पाकिस्तान 'ए' (जिसे 'शाहीन' के नाम से जाना जाता है) के खिलाफ 50 ओवर के तीन मैच खेलेगी। इसके बाद वह पाकिस्तान की सीनियर पुरुष टीम के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलेगी। ये सभी छह मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

आयरलैंड की टीम सीरीज शुरू होने से पहले 9 जनवरी को पाकिस्तान पहुंचेगी। इससे टीम को साउथ अफ्रीका और नामीबिया में होने वाले महत्वपूर्ण वर्ल्ड कप क्वालीफायर से पहले अच्छी मैच प्रैक्टिस मिल सकेगी। आयरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के लिए यह दौरा एक ऐतिहासिक मौका है, लेकिन यह पहली बार नहीं है जब आयरलैंड की कोई क्रिकेट टीम पाकिस्तान का दौरा कर रही है। इससे पहले 2022 में आयरलैंड की महिला टीम ने पाकिस्तान का दौरा किया था और उस दौरान उसने टी20 सीरीज भी जीती थी।

क्रिकेट आयरलैंड में हाई परफॉर्मेंस के निदेशक ग्रीम वेस्ट ने कहा कि ये छह अतिरिक्त मैच वनडे टीम को क्वालीफाइंग टूर्नामेंट की तैयारी में मदद करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण होंगे। वेस्ट ने कहा, "फरवरी में होने वाले आईसीसी वर्ल्ड कप क्वालीफायर की तैयारी कर रही हमारी वनडे टीम के लिए यह एक बेहद अहम दौरा है। 2026 के दूसरे भाग में खेले गए 9 मैचों के बाद, मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ 50 ओवर के ये छह और मैच खिलाड़ियों को साउथ अफ्रीका और नामीबिया में होने वाले क्वालीफायर के लिए तैयार करने में मदद करेंगे।"

उन्होंने आगे कहा, "हालांकि, हमने शुरू में एक मल्टी-फॉर्मेट सीरीज की योजना बनाई थी, लेकिन दोनों बोर्ड इस बात पर सहमत हुए हैं कि 50 ओवर के मैच खेलने से दोनों टीमों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। ऐसा इसलिए है क्योंकि हमें वर्ल्ड कप क्वालीफायर में हिस्सा लेना है और पाकिस्तान भी 2027 में होने वाले वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहा है।"

वेस्ट ने यह उम्मीद भी जताई कि यह ऐतिहासिक दौरा आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच होने वाले कई दौरों में से पहला होगा। उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ अपने लंबे समय से चले आ रहे संबंधों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और उनके खिलाड़ियों के साथ हमारे बहुत अच्छे संबंध रहे हैं। हम इस ऐतिहासिक दौरे को लेकर उत्साहित हैं। हमें उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में ऐसे कई और दौरे होंगे।"

पुरुषों के वनडे मैचों में आयरलैंड और पाकिस्तान अब तक सात बार आमने-सामने आए हैं। इनमें से पाकिस्तान ने पांच मैच जीते हैं, आयरलैंड ने एक जीत हासिल की है और एक मैच टाई रहा है। आयरलैंड की इकलौती जीत 2007 के विश्व कप में आई थी, जब उन्होंने पाकिस्तान को चौंकाते हुए टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story